जनसंपर्क परिवार ने दी भावभीनी विदाई ...
जनसंपर्क विभाग के आधार स्तम्भ रहे हरेन्द्र सिंह सेंगर हुए सेवानिवृत्त
ग्वालियर l 28 अप्रैल 2023 ko लगभग 42 साल से संभागीय जनसंपर्क कार्यालय के आधार स्तंभ रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरेन्द्र सिंह सेंगर के सेवानिवृत होने पर जनसंपर्क परिवार ने भावभीनी विदाई दी। पुराने दौर की पत्रकारिता से जुड़े कलमकार हरेन्द्र सिंह सेंगर की कर्तव्यनिष्ठा को बड़ी शिद्दत के साथ याद करते हैं।
संभागीय जनसंपर्क परिवार की ओर से सहायक संचालक जनसंपर्क मधु सोलापुरकर, सहायक सूचना अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पत्रकार देवश्रीमाली, प्रदीप शास्त्री व अजय तिवारी तथा श्रीमती अलका माथुर, एन के गुलाटी, राजेन्द्र सिंह बुंदेला, विजय बहादुर सिंह चौहान, रमेश कुशवाह, मलखान सिंह गुर्जर, राहुल श्रीवास, रविन्द्र शर्मा, राहुल बाथम व जितेन्द्र कुमार सहित जनसंपर्क परिवार के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री हरेन्द्र सिंह सेंगर को भावभीनी विदाई दी एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। साथ ही सभी ने उनके स्वस्थ व सुखद भविष्य की कामना की।
सहायक संचालक श्री सोलापुरकर ने इस अवसर पर कहा कि हरेन्द्र भाई सालों साल तक हर दिन तड़के दफ्तर पहुँचते रहे और जब सभी लोग काम निपटाकर घर की ओर रूखसत करते तो उस समय भी हरेन्द्र भाई दिखाई देते। उनके योगदान को जनसंपर्क विभाग भुला नहीं पायेगा। हरेन्द्र भाई खासतौर पर पत्र-पत्रिकाओं और अखबारों को जिस ढंग से सहेजकर रखते थे, उनका यह कार्य पद्धति अद्वितीय है।
वरिष्ठ पत्रकार देवश्रीमाली ने कहा कि अखबारों और पत्रिकाओं का दस्तावेजीकरण कैसे किया जाता है वह कोई हरेन्द्र भाई से सीखे। डिजिटल दौर की वर्तमान पत्रकारिता से पहले के दौर के पत्रकार हरेन्द्र भाई के सहयोग को भुला नहीं सकते। उन्होंने भरोसा जताया कि मेहनतकश और कर्तव्यनिष्ठता से हरेन्द्र भाई अपने नए जीवन को भी अविस्मरणीय बनाने में सफल होंगे।


0 Comments