G.News :24 : भाजपा को दुश्मनों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी : उमा भारती

डर्टी पॉलिटिक्स के चलते…

भाजपा को दुश्मनों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी : उमा भारती

भोपाल। चुनावी साल में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पहले शराबबंदी को लेकर अपनी ही सरकार को घेरती नजर आईं। वहीं अब अपनी ही पार्टी के नेताओं पर उनका गुस्सा फूटा। जिसे उन्होंने डर्टी पॉलिटिक्स का हिस्सा बताया। दरअसल उमा भारती ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर अफवाहें फैलाने और डर्टी पॉलिटिक्स करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। जिससे एक बार फिर भाजपा दुविधा में है। 

उमा ने प्रदेश कार्यसमिति में पहुंचने की वजह तो बताई, लेकिन पार्टी नेताओं को डर्टी पॉलिटिक्स का हिस्सा भी बता दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर ये फैलाया जा रहा है कि बिना बुलाए वे कार्यसमिति में चली गईं। उमा ने भाजपा के उन नेताओं को चेतावनी भी दी है जो डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट चला रहे हैं। साथ ही कहा कि पार्टी में बैठे कई लोगों को डर्टी पॉलिटिक्स की ऐसी झूठी बातें फैलाने से भाजपा को दुश्मनों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। आप जैसे लोग ही काफी होंगे। पढ़-लिख कर, समझ बूझ कर ही अफवाह फैलाइए, मूर्खता मत करिए।

उमा ने कहा कि 2018 जैसा माहौल आ गया, जब हमारे जैसे लोगों को लेकर झूठी बातें फैलाई जाती थी। मैं मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य हूं, इस नाते से मध्य प्रदेश की कार्यसमिति की स्थायी आमंत्रित सदस्य हूं। इसलिए प्रदेश कार्यसमिति में थोड़ी देर के लिए मध्य प्रदेश भाजपा का सम्मान रखने के लिए गई क्योंकि यह चुनावी वर्ष है। बता दें भाजपा कार्यसमिति में केंद्रीय मंत्री प्रदेश के कार्यसमिति सदस्य व सांसद विधायकों को बुलाया गया था।

मध्यप्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में मंगलवार को कई नेता पहुंचे थे। जिनमें विष्णु दत्त शर्मा, शिवराज सिंह चौहान के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया,प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्त से लेकर उमा भारती, कैलाश विजयवर्गीय आदि नेता पहुंचे थे। उमा भारती ट्विटर के जरिए पार्टी नेताओं पर बरसीं और अपना दर्द बयां किया। शराब बंदी, अवैध रेत उत्खनन को लेकर समय समय पर अपनी नाराजगी जता चुकी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी बैठक शामिल हुईं। वे जब पहुंचीं तो सोशल मीडिया पर कई तरह के मैसेज चले। इनमें से कुछ मैसेज उनके बिना बुलाए पहुंचने जैसे भी थे। उमा भारती ने इस तरह के मैसेज को लेकर ट्विटर पर अपना दर्द बयां किया है।

Comments