DRDE के वैज्ञानिकों एवं कार्मिकों ने बनाई भारत के नक्शे के आकार की मानव श्रृंखला

 

हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को…

DRDE के वैज्ञानिकों एवं कार्मिकों ने बनाई भारत के नक्शे के आकार की मानव श्रृंखला


ग्वालियर। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम निदेशक डॉक्टर एमएम परीडा के नेतृत्व में DRDE के समस्त वैज्ञानिक/अधिकारी/कार्मिक स्थापना के तानसेन मार्ग स्थित पुराने परिसर में एकत्र हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुयी। इसके उपरांत DRDE  के वैज्ञानिकों एवं कार्मिकों ने भारत के नक्शे के आकार की मानव श्रृंखला निर्मित की।

इसके अलावा स्वतंत्रता के 75 वर्ष को दर्शाता एक समूह चित्र भी लिया गया। इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि आजादी के अमृत महोत्सव में देश को आत्मनिर्भर बनाने में पूरा देश एकता के सूत्र में बंधा हुआ है। इसके उपरांत DRDE के निदेशक, वैज्ञानिकगण और कार्मिक रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल एवं मोहम्मद गौस का मकबरा जैसे ऐतिहासिक महत्व के स्थलों पर एकत्रित हुए एवं देशभक्ति गीतों को गाया।

DRDE कार्मिकों ने समूह में तिरंगा लहरा कर लोगों को यह संदेश दिया कि भारत में राष्ट्रभक्ति की भावना सर्वोपरि है और देश प्रायः हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है। सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित इन कार्यक्रमों का एक उद्देश्य आम जनता को देश की वैज्ञानिक क्षमता से भी अवगत कराना था। उल्लेखनीय है कि कल 14 अगस्त को कॉलोनी में ध्वजारोहण, वृक्षारोपण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

Comments