गृहमंत्री की अगुवाई में दतिया में निकली भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा

7 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा में लगभग 15 हजार लोगों ने लिया भाग…

गृहमंत्री की अगुवाई में दतिया में निकली भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा

दतिया। हर-घर तिरंगा अभियान के तहत् दतिया जिला मुख्यालय पर भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी विभाग के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र की अगुवाई में कृषि उपज मंडी प्रांगण दतिया से शुरू हुई जो नगर के मुख्य मार्गो से होते हुए ठंड़ी सड़क पर जाकर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा मार्ग के दौरान नागरिकों ने तालियां बचाकर एवं देश भक्ति नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। 7 किलोमीटर लम्बी तिरंगा यात्रा में लगभग 15 हजार से अधिक लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह वर्धन करते हुए तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों से अपील की कि वह 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर सभी लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहरायें। 

गृह मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन उन अमर वीर सपूतों को नमन एवं याद करने का दिन है जिन्होंने देश को स्वतंत्र कराने में अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन राष्ट्र की आराधना का भी दिन है। डॉ. मिश्र ने कहा कि पूरा दतिया आज तिरंगा मय हो गया है दतिया में निरंतर 10 दिनों से स्टेड़ियम में भक्तिभाव एवं आज मंड़ी में राष्ट्रीय भावना और देश प्रेम की बयार वहीं है। वहीं आज इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से नगर पूरा राष्ट्रीय भक्तिभाव से पूर्ण हो गया है।उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक ने देश के प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के आव्हान पर  हर-घर तिरंगा अभियान के तहत् लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने हेतु आतुर है। 

जो लोगों में राष्ट्र भक्ति की भावना को दर्शता है। कृषि उपज मंड़ी से सुबह 11 बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा में बढ़ी संख्या में केन्द्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्रायें, पुलिस के जवानों, एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्रायें, नर्सिग कॉलेज, कोटवार आदि की टुकडियां पूरे ड्रेस कोड एवं छात्र-छात्रायें रंग बिरंगी ड्रेसों में भाग लेते हुए राष्ट्र भक्ति के गगन भेदी नारे लगाते हुए अपने हाथों में राष्ट्रीय तिरंगा को थामे हुए चल रहे थे और वंदेमातरम् का गायन कर रहे थे। प्रत्येक टुकड़ी के आगे डीजे एवं बैण्ड़ बाजे भी राष्ट्रधुन एवं राष्ट्रीय गीत बजा रहे थे। भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान बग्गियों पर छात्रायें भारत माता के प्रतीक के रूप में तिरंगा हाथ में लिए हुए थी। 

तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा भांगड़ा, डांडिया नृत्य के साथ-साथ बालिकायें अपने सिरों पर तिरंगा मय कलश लेकर चल रही थी। रैली के शुरू होने के पूर्व कलेक्टर  संजय कुमार ने हर-घर तिरंगा अभियान के तहत् जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। मंडी प्रांगण से शुरू होने वाली भव्य यात्रा राजगढ़ चौराहा, तिगैलिया, टाऊनहॉल, किला चौक, एमएलबी स्कूल, सब्जी मंड़ी और ठंड़ी सड़क पर पहुंचकर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान वाहन पर बनाये गए तिरंगा रथ पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, कलेक्टर संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर, पूर्व विधायक डॉ. आशाराम अहिरवार,  धीरू दांगी, प्रशांत ढेंगुला, योगेश सक्सैना, विश्वामित्र शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comments