ग्वालियर में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, 46.2 डिग्री दर्ज हुआ तापमान

बदले मौसम के तेवर से पूरा मध्यप्रदेश झुलसा…

ग्वालियर में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, 46.2 डिग्री दर्ज हुआ तापमान

बीते 48 घंटे में बदले मौसम के तेवर से पूरा मध्यप्रदेश झुलस गया है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश का नौगांव दुनिया का 7वां सबसे गरम शहर रहा। यहां पारा 48 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। भिंड में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन से पारा 48.7 डिग्री दिखाया गया, लेकिन यह रिकॉर्ड में काउंट नहीं किया जाता है। वहीं पाकिस्तान का जेकोबाबाद दुनिया में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 50 डिग्री रहा। जबकि अंचल में श्योपुर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री, दतिया में 46.7 डिग्री और ग्वालियर में 46.2 डिग्री दर्ज किया गया। यहां यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। 

मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि ग्वालियर में पिछले 12 साल में 13 मई के दिन सबसे ज्यादा अधिकतम पारा शुक्रवार को ही रिकार्ड हुआ। इससे पहले 13 मई 2017 को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री तक ही पहुंच पाया था। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को 27 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोपाल संभाग भी शामिल है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी हवा चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। इससे यहां लू चलने लगी।

अंचल में अधिकतम तापमान -

  • ग्वालियर 46.2
  • मुरैना 46.0
  • भिंड 48.7
  • शिवपुरी 45.0
  • दतिया 46.7
  • श्योपुर 47.0

Comments