प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में कल से छाएंगे बादल, बढ़ेगा रात का तापमान

19-20 जनवरी से एक बार फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज...

प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में कल से छाएंगे बादल, बढ़ेगा रात का तापमान

भोपाल(मध्यप्रदेश)। वर्तमान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसका विशेष असर मध्य प्रदेश के मौसम पर नहीं पड़ रहा हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को एक कमजोर आवृति वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने जा रहा है। इसके प्रभाव से सोमवार से प्रदेश में आंशिक बादल छाने की संभावना है। इससे रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्‍ठ विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वातावरण में कुछ नमी रहने के कारण राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में सुबह के वक्त कोहरा या धुंध बनी रहती है। इस वजह से जहां दृश्यता कम बनी रहती है, वहां अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है। उधर रात में धुंध बनी रहने से न्यूनतम तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही। 

साहा के मुताबिक शनिवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से चार डिग्रीसे. कम रहा। सिवनी, नौगांव, ग्वालियर में तीव्र शीतल दिन रहा। शाजापुर, इंदौर, खंडवा, भोपाल, गुना, टीकमगढ़, उज्जैन, सागर एवं खजुराहो में शीतल दिन रहा। रविवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। 

इसके प्रभाव से कहीं-कहीं बादल छाने से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने के आसार हैं। उधर 18 जनवरी को एक तीव्र आवृति वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल होगा। यह उत्तर भारत के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में सक्रिय रहेगा। इसके असर से राजस्थान में प्रेरित चक्रवात बनने की भी संभावना है। इससे 19-20 जनवरी से मप्र में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने लगेगा।

Comments