MP को ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिकीकरण के लिए मिलेंगे 13000 करोड़ रूपए

 

PM मोदी का ग्रीन एनर्जी का संकल्प करेंगे पूरा…

MP को ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिकीकरण के लिए मिलेंगे 13000 करोड़ रूपए


मध्यप्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिकीकरण और अधोसंरचना विकास के लिए 13 हजार करोड़ रूपए की राशि दी जाएगी। केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह ने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ केन्द्र और राज्य सरकार के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में यह जानकारी दी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे सुधार प्रशंसनीय हैं। यहाँ विद्युत हानि कम करने की योजना और अपनाए गए नवाचार अभिनव और अनुकरणीय हैं। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को राशि स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए रोड मैप तैयार किया गया है। किसानों और पंचायतों द्वारा खेतों पर कुसुम योजना में सौर ऊर्जा उत्पादन के कार्य को गति दी जाएगी।

 इससे किसानों को सस्ती बिजली मिलेगी। केन्द्र सरकार द्वारा विभिन्न बाधाएँ दूर कर मध्यप्रदेश को ताप विद्युत सहित अन्य ऊर्जा उत्पादन के माध्यमों में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के हर घर तक बिजली पहुँचाने के लक्ष्य को राज्य में पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश तेजी से कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र के आधुनिकीकरण और अधोसंरचना के विकास के लिए 13 हजार करोड़ रूपए भारत सरकार से देने पर सहमति हुई। मध्यप्रदेश को यह राशि प्रदान करने के लिए समस्त बाधाएँ दूर की गई हैं। इस राशि से आधुनिकीकरण भी होगा और हम सहजता और सरलता के साथ हर घर तक बिजली भी पहुँचा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायसेन जिले में स्थित विश्व धरोहर स्थल साँची को पूरी तरह से ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। ग्रीन एनर्जी प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है। इसके अनुरूप गैर पारम्परिक ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाने के लिए कृत-संकल्पित हैं। साँची एक ग्रीन सिटी होगी जहाँ पूरी की पूरी बिजली का जो उत्पादन होगा वो सोलर के माध्यम से होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि साँची सौर ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व भर में सभी का ध्यान आकर्षित करेगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश में ऊर्जा क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य हुआ है। बिजली की कमी नहीं है। ग्रीन एनर्जी पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रदेशों की चर्चा करें तो मध्यप्रदेश में बिजली का प्रबंधन अच्छा है। विद्य़त की उपलब्धता अच्छी है।  मध्यप्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिकीकरण के लिए राशि मिल जाने से बिजली व्यवस्था ओर बेहतर होगी।


Comments