देशवासियों ने “HIGH JOSH” के साथ मनाया देश का स्वाधीनता दिवस

गरिमामय ढंग से जगह-जगह लहराया तिरंगा…

देशवासियों ने “हाई जोश” के साथ मनाया देश का  स्वाधीनता दिवस

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में स्वाधीनता की  75 वां  वर्ष हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से मानाया गया । एसएएफ मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। प्रात: ठीक 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ध्वजारोहण के पश्चात एक खुले वाहन में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि के साथ कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह व पुलिस अधीक्षक अमित सांघी खुले वाहन पर सवार थे। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर "स्वतंत्रता दिवस अमर रहे"  के जयकारे लगाए। प्रभारी मंत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े।

मोतीमहल - ग्वालियर संभाग के आयुक्त आशीष सक्सेना ने मोतीमहल प्रांगण में ध्वजारोहण ध्वजारोहण किया।  उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जय एवं स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारे भी लगाये। इस अवसर पर आयुक्त श्री सक्सेना ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभ कामनायें दी।

कलेक्ट्रेट - ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ियों पर बने कलेक्ट्रेट भवन पर स्वाधीनता दिवस की 75वें वर्ष पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सब बेहतर ढंग से नागरिक सेवाएं देकर ऐसा मानक स्थापित करें, जो अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी हो। इस आयोजन में अपर कलेक्टर आशीष तिवारी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

इंदौर - इंदौर जिले में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण गरिमा, जोश, उमंग और हर्षोल्लास से मनाया गया। इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के गृह मंत्री एवं इंदौर जिले के प्रभारी डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा रस्मी परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में अपार उत्साह और उमंग के साथ राष्ट्रीय धुन के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया।

मुरैना - मुरैना जिले में रविवार को 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर भव्य एवं आकर्षक परेड के साथ आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण, नर्मदा घाटी विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने ध्वजारोहण किया और भव्य परेड की सलामी ली। प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जी का संदेश पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर जौरा विधायक सूबेदार सिंह रजौधा, भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री गिर्राज डंडोतिया, जिला पंचायत की अध्यक्ष गीता हर्षाना, पूर्व विधायक मुरैना रघुराज सिंह कंषाना, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक सचिन अतुलकर, कलेक्टर बी.कार्तिकेयन, पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर नरोत्तम भार्गव, सहित पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

गुना - 75वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्थानीय लाल परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान आकर्षक मार्च पास्ट के साथ केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बार आकाश में छोड़े गये। हर्ष फायर के साथ राष्ट्र गान का गायन किया गया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सभी देशवासियों का हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आजादी का यह अमृत महोत्सव आजादी के गौवरशाली इतिहास, और वैभवशाली वर्तमान और शक्तिशाली भविष्य के निर्माण का उत्सव है। भारत की आजादी का यह 75वां वर्ष लोकतंत्र के महोत्सव का वर्ष है। अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता का वर्ष है। देश के लिए कुछ कर गुजरने का वर्ष है। भारत की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का वर्ष है। एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्पसिद्धी का वर्ष है। हम सब मिलकर आजादी का यह अमृत महोत्सव मिलकर पूरे उत्साह, उल्लास के साथ मनाएंगे।

ग्वालियर प्रेस क्लव - ग्वालियर प्रेस क्लब परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फूलबाग स्थित ग्वालियर प्रेस क्लब परिसर में आजादी का जश्न पूरे उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस मौक पर जनसंपर्क अपर संचालक जीएस मोर्य, वरिष्ठ पत्रकार डॉ सुरेश सम्राट ने प्रात: ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत गायन के उपरांत मिष्ठान वितरण किया । साथ ही पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए फलदार, छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। । इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा,सचिव सुरेश शर्मा, संगठन सचिव जोगेंद्र सैन, कोसाध्यश रामकिशन कटारे , कार्यकारणी सदस्य अजय मिश्रा के अलाबा प्रवीण दुबे , दिनेश राव ,हरीश चंद्रा ,मध्य प्रदेश पत्रकार संघ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रदेश अध्यक्ष राज दुबे ,विनोद शर्मा, जाबेद खान,अजय उपाध्याय, मनोज चौबे ,मचल सिंह,उपेंद्र तोमर,रवि यादव, छोटू जायसवाल, मुकेश बाथम,विष्णु अग्रवाल,सहित जनसंपर्क अधिकारी मधु सोलपुरकर आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यालय - केंद्रीय मंत्री सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में रविवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने झंडा फहराया। दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यालय में झंडा वंदन किया और एक रोचक मसला हुआ है। झंडा वंदन के बाद महिला मोर्चा की महिला कांग्रेसियों ने जब दिग्विजय सिंह से कहा कि वह उनसे मुलाकत करना चाहती है। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि 75 साल की हो गई है वह इधर आ जाएं। उनका इनता कहते ही पहले तो वहां सन्नाटा छा गया और चंद सेकेंद के बाद वहां हंसी के ठहाके लगते हुए नजर आए। जानकारी के अनुसार दिग्विजय सिंह ने डबरा-भितरवार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया था। वहां लोगों का दुख दर्द बांटा और बाढ़ पीडि़तों के सहारे सरकार को भी घेरा था इसके बाद रविवार स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने पहली बार सिंधिया के गढ़ और कांग्रेस कार्यालय पर ध्वाजारोहण किया।

पड़ाव - यहाँ पड़ाव स्थित जनसंपर्क विभाग के सूचना केन्द्र में अपर संचालक जनसंपर्क जीएस मौर्य ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही अन्य संस्थाओं में जगह-जगह पूरे सम्मान से तिरंगा फहराया गया। प्रात: 7 बजे से 8 बजे के बीच सभी शासकीय अर्द्धशासकीय, नगरीय एवं पंचायत निकायों और शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान गाया गया।

भारतीय अपना अधिकार पार्टी के संस्थापकों  ने फहराया तिरंगा 

किरार बॉयज हॉस्टल के संचालकों  ने फहराया तिरंगा 

 -

जेयू - जीवाजी विश्वविद्यालय में 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया । विश्वविद्यालय के प्रांगण में यह कार्यक्रम  कोरोना को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, कुलसचिव प्रो. आनंद मिश्रा और डीसीडीसी डाॅ. केशव सिंह गुर्जर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पण से हुई। इसके बाद कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान हुआ। इसी क्रम में राष्ट्रगीत  भी गाया गया। इसके बाद कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कार्यक्रम में उपस्थित विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारी प्रतिनिधियों को आजादी की 75वीं वर्षगांठ की बधाई दी।

Comments