पिछले 24 घंटे में मिले 1.31 लाख से ज्यादा संक्रमित मरीज

भारत दूसरा देश जहां एक साथ बढ़ रहे इतने मरीज...

पिछले 24 घंटे में मिले 1.31 लाख से ज्यादा संक्रमित मरीज

देश में कोरोनावायरस से हर दिन हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। रोज संक्रमण के मामलों का नया रिकॉर्ड बन रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 1 लाख 31 हजार 878 लोग संक्रमित पाए गए। पिछले साल वायरस के शुरू होने से लेकर अब तक एक दिन के अंदर मिले मरीजों की ये संख्या सबसे अधिक है। इसके पहले बुधवार को देश में सबसे ज्यादा 1 लाख 26 हजार 276 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। गुरुवार को रिकवर होने वालों का आंकड़ा 61 हजार 829 रहा। संक्रमण के चलते मरने वालों की 802 रही। 17 अक्टूबर के बाद ये पहली बार है जब एक दिन के अंदर 800 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 17 अक्टूबर को 1032 मरीजों ने जान गंवा दी थी। 

देश में मरीजों के मिलने की रफ्तार भी बढ़कर 9.21% हो गई है। मतलब अब हर 100 लोग में 9 कोरोना से संक्रमित पाए जा रहे हैं। तीन हफ्ते पहले यानी 11 से 17 मार्च के बीच मरीजों के मिलने की रफ्तार 3.11%, 18 से 24 मार्च के बीच 4.46% और 25 से 31 मार्च के बीच 6.04% की रफ्तार से देश में कोरोना मरीज बढ़ रहे थे। कोरोना केस के मामले में भारत भी अब अमेरिका की राह पर है। अमेरिका में भी पिछले साल अगस्त और सितंबर में मामले काफी तेजी से घटने लगे थे, फिर अचानक अक्टूबर से इसमें इजाफा शुरू हो गया और दिसंबर में एक महीने के अंदर रिकॉर्ड 63.45 लाख मरीज मिले। 

  • दिल्ली - दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 7,437 केस सामने आए हैं। 42 लोगों की मौत हुई है। नए आंकड़े सामने आने के बाद दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या 23,181 हो गई है। यहां अब तक 6 लाख 98 हजार 5 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। मुंबई में गुरुवार को कोरोना के 8,938 केस सामने आए हैं। 23 लोगों की मौत हुई है, वहीं 4,503 मरीज रिकवर भी हुए हैं। यहां अब तक कोरोना के 4 लाख 91 हजार 698 केस आ चुके हैं। इनमें से 3 लाख 92 हजार 514 मरीज रिकवर हो गए, जबकि 11,874 की मौत हो गई। यहां 86,279 एक्टिव केस हैं।
  • महाराष्ट्र - यहां गुरुवार को 56,286 नए मरीज मिले। 36,130 मरीज ठीक हुए और 376 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 32.29 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.49 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57,028 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.21 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
  •  मध्यप्रदेश - राज्य में गुरुवार को 4,324 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, 2296 लोग रिकवर हुए और 27 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 22 हजार 338 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 90 हजार 165 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4113 की मौत हो गई। अभी 28 हजार 60 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  • उत्तर प्रदेश - राज्य में गुरुवार को रिकॉर्ड 8,474 मरीज मिले। 1084 लोग रिकवर हुए और 39 की मौत हो गई। अब तक यहां 6 लाख 54 हजार 404 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 6 हजार 63 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9003 मरीजों की मौत हो गई। 39 हजार 338 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
  • राजस्थान - राज्य में गुरुवार को 3,526 लोग संक्रमित पाए गए। 520 लोग रिकवर हुए और 20 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 50 हजार 317 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 26 हजार 299 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2886 की मौत हो गई। 21 हजार 132 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।

Comments