पहली बार एक दिन में सामने आए 1.25 लाख नए मामले

बेकाबू हुआ कोरोना…

पहली बार सामने आए 1.25 लाख नए मामले

देशभर में कोरोना महामारी का प्रकोप भयानक रूप लेता जा रहा है। भारत में बुधवार को पहली बार एक दिन में कोरोना के करीब 1,24,886 केस सामने आए हैं। पिछले साल इस महामारी के शुरू होने के बाद यह सबसे ज्यादा आंकड़ा है। वहीं, 677 मरीजों की जान भी गई है। 

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 59,907 नए मामले सामने आए, 30,296 लोग रिकवर हुए और 322 मौतें हुई हैं। इधर, IIT रुड़की के 60 स्टूडेंट्स-स्टाफ कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके बाद संस्थान ने 5 होस्टल को सील कर दिया है। मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच नया संकट सामने आया है। यहां वैक्सीन लगभग खत्म हो चुकी है। 

मेयर किशोरी पेडणेकर ने कहा- मुंबई में वैक्सीन का स्टॉक लगभग खत्म होने की कगार पर है। हमने वैक्सीन की सभी डोज सारे सरकारी अस्पतालों को दे दी है। अब हमारे पास सिर्फ एक लाख कोवैक्सिन बची है। इस बारे में हमने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे जी को भी जानकारी दी है। 

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र को 1,06,19,190 वैक्सीन की सप्लाई की जा चुकी है। इसमें 90,53,523 लोगों को लगाई जा चुकी है, वहीं 7,43,280 वैक्सीन की सप्लाई अभी पाइपलाइन में है। यहां के पनवेल में वैक्सीन की कमी के कारण सभी सरकारी और निजी वैक्सीनेशन सेंटर में वैक्सीन लगाना अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। 

नगर निगम के मुताबिक, वैक्सीन का स्टॉक आने पर इसे दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि जो राज्य वैक्सीन कमी की बात कर रहे हैं और 18 से 20 साल के उम्र के लोगों को टीका लगाने की मांग कर रहे हैं। वे राजनीतिक रूप से लोगों को डरा रहे हैं। 

अभी वैक्सीन उन्हें ही दिया जाएगा जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुछ राज्य वैक्सीन की कमी के दावे कर रहे हैं, जबकि देश में टीके की कोई कमी नहीं है। देशभर में बुधवार रात 8 बजे तक 8 करोड़ 83 लाख 72 हजार 277 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई।

यूपी - पिछले 24 घंटे के अंदर यूपी में 5,928 नए संक्रमित मिले हैं। 30 मरीजों की मौत हुई। इसके पहले पिछले साल 13 सितंबर 2020 को 6,239 रोगी मिले थे। करीब सात माह इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव केस बढ़कर 27,509 हो गए हैं। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि राजधानी लखनऊ में गुरुवार से नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। यह रात 9 से सुबह 6 बजे तक रहेगा। यहां 15 अप्रैल तक स्कूल भी बंद रहेंगे।

मध्यप्रदेश - यहां बुधवार को 4,043 नए मरीज मिले। 2,126 लोग ठीक हुए, जबकि 13 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.18 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.87 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,086 की मौत हुई है। फिलहाल 26,059 लोगों का इलाज चल रहा है।

पंजाब - पंजाब सरकार ने राज्य में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक बगैर जरूरी काम के लोग अपने घरों से नहीं निकल सकेंगे। सरकार ने किसी भी तरह के पॉलिटिकल कार्यक्रमों पर भी रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई भी होगी।

Comments