किसान आत्मनिर्भर होंगे तो देश आत्मनिर्भर होगा : राज्यमंत्री

जिले के 23000 किसानों के खाते में पहुँचे 4 करोड़…

किसान आत्मनिर्भर होंगे तो देश आत्मनिर्भर होगा : राज्यमंत्री

ग्वालियर। किसान आत्मनिर्भर होंगे तो अपना प्रदेश एवं देश भी आत्मनिर्भर बनेगा। इसी रोड़मैप पर चलकर मध्यप्रदेश सरकार किसानों के कल्याण में जुटी है। यह बात प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत आयोजित हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष मनीषा यादव ने की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में दमोह जिला मुख्यालय पर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

जिसमें मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के जरिए प्रदेश के 20 लाख किसानों के खाते में 400 करोड़ रूपए की धनराशि अंतरित की। जिसमें ग्वालियर जिले के 23 हजार किसानो के खाते में पहुँची लगभग 4 करोड़ रूपए की धनराशि शामिल है। दमोह में आयोजित कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री के उदबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे एलईडी स्क्रीन के जरिए ग्वालियर में किसानों ने देखा और सुना। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की चौथी बार शपथ लेने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर जिले के किसानों के खातों में 96 करोड़ रूपए की राशि पहुँचाई है। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश देश में एक मात्र राज्य है जहां हर किसान के खाते में एक साल में 10 हजार रूपए की राशि पहुँचाई जा रही है। 

इसमें से 6 हजार रूपए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत तथा 4 हजार रूपए की राशि मुख्यमंत्री किसान योजना के तहत दी जा रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासकीय समिति के उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, अपर कलेक्टर टी एन सिंह व रिंकेश वैश्य तथा जिले के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं उपसंचालक किसान कल्याण व कृषि विकास डॉ. आनंद बड़ोनिया सहित जिले के विभिन्न ग्रामों से आए कृषकगण मौजूद थे। जिला सतरीय कार्यक्रम के साथ-साथ जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें किसानों ने मुख्यमंत्री का ऑनलाइन उदबोधन सुना।

Comments