राजमाता की स्मृति में PM ने किया विशेष सिक्के का विमोचन…
अन्यायी सरकार को पहले राजमाता, फिर ज्योतिरादित्य ने हटाया : CM
ग्वालियर। स्व. राजमाता जी नारी सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयासरत रहीं। आज देश की महिलाएं सेनाओं में शामिल होकर देश की सुरक्षा कर रही हैं। तीन तलाक के खिलाफ कानून राजामाता के उसी संघर्ष की परिणति है। उन्होंने कश्मीर से धार 370की समाप्ति के लिए जो संघर्ष किया, उसकी परिणति हम धारा 370 की समाप्ति के रूप में देख रहे हैं। राम जन्मभूमि के लिए उनका संघर्ष भी उनके जन्म शताब्दी वर्ष में पूरा हो गया है। सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत उनका सपना था और उनके इस सपने को हम ‘आत्मनिर्भर भारत’ के माध्यम से साकार करेंगे। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजमाता स्व. विजयराजे सिंधिया के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उनकी स्मृति में 100 रुपये के सिक्के का विमोचन करते हुए कही। इस वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अनेक मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ग्वालियर से सहभागिता की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्व. राजामाता उन लोगों में शामिल थीं, जिन्होंने बीती शताब्दी में देश को दिशा देने का काम किया। वे सिर्फ एक महारानी नहीं थीं, बल्कि एक निर्णायक नेता और कुशल प्रशासक भी थीं। वे आजादी के बाद के दशकों में राजनीति के कई अहम पड़ावों की साक्षी रहीं। आजादी के पहले विदेश वस्त्रों की होली जलाने से लेकर आपातकाल के विरोध और राम जन्मभूमि मंदिर के लिए हुए आंदोलन में भी वे शामिल रहीं। उनकी जीवन यात्रा के बारे में वर्तमान पीढ़ी जाने, उनसे सीखे इसके लिए जरूरी है कि उनके बारे में बार-बार बात की जाए। इसीलिए मैंने मन की बात कार्यक्रम में भी उनके बारे में चर्चा की थी।
इस कार्यक्रम को ग्वालियर से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि श्रद्धेय राजमाता जी ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और जब 1967 में कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया तो उन्होंने उस सरकार को जमीन दिखा दी। वहीं फिर से कांग्रेस ने प्रदेश में कुशासन दिया तो ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आवाज उठाई और सरकार को गिराकर राज्य में नई सरकार बनवाई। सोमवार को बंधन वाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा श्रद्धेय राजमाता जी भले ही राजघराने की थीं, लेकिन सेवा का प्रतीक थीं और उन्होंने हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। जब 1967 में प्रदेश की जनता के साथ कांग्रेस की सरकार ने अन्याय किया तो उन्होंने इस सरकार को गिराने में देर नहीं की। उसी प्रकार स्व. माधवराव जी ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाकर विकास कांग्रेस बनाई और अब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश को कांग्रेस के कुशासन मुक्ति दिलाकर नई सरकार बनाने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जब 1971 में पूरे देश में इंदिरा लहर थी और उस समय स्व. माधवराव जी भी राजमाता के साथ जनसंघ में थे, लेकिन उस कांग्रेस की लहर में भी पूरे मध्य भारत क्षेत्र में 11 सीटें जीतकर जनसंघ को दी थीं। आज श्रद्धेय राजमाता जी जरुर प्रसन्न होंगी कि पूरा सिंधिया परिवार भाजपा में है और ज्योतिरादित्य सिंधिया जी उनके अधूरे कामों को पूरा करने के लिए पार्टी और सरकार के साथ जुड़े हैं।
इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि श्रद्धेय राजमाता जी के जन्म शताब्दी वर्ष पर भारत सरकार 100 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करके उनके योगदान को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में कई रियासतें थीं और कई राजमाताएं और महारानियां थीं, लेकिन देश में आजादी और लोकतंत्र आने के बाद जो काम श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे जी ने किए, जिससे वे ऐसी लोकप्रिय हुईं कि दूसरे राजघराने उनके पासंग भी नहीं हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने श्रद्धेय राजमाता जी को याद करते हुए कहा कि शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने उनके योगदान को चिर स्थायी बनाने के लिए जो स्मारक सिक्का जारी किया है, वो केवल देश के लोगों को नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश और ग्वालियर-चंबल के लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। श्रद्धेय आजी अम्मा जी (राजमाता विजयाराजे सिंधिया) ने जीवन भर गरीबों, खासतौर से महिलाओं के हितों के लिए संघर्ष किया। श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी, अटलजी के साथ मिलकर देश, प्रदेश और ग्वालियर के उत्थान का लक्ष्य बनाया। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान जी राजमाता जी के आदर्शों पर चलते हुए प्रदेश का विकास करने में जुटे हुए हैं।
इस कार्यक्रम की संयोजक और पूर्व मंत्री माया सिंह जी ने कहा श्रद्धेय राजमाता जी ने महिलाओं को मजबूत बनाने की दिशा में हर कदम उठाए। उन्होंने अटलजी के साथ मिलकर भाजपा का निर्माण किया और महिलाएं राजनीति में आएं, इसके लिए महिला मोर्चा का गठन करके लाखों महिलाओं को पार्टी से जोड़ा। राजमाता जी ने हमेशा बेटियों को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उनका कृतित्व इतना महान है कि इसका पता ऐसे चलता है कि भारत सरकार उनके योगदान पर स्मारक सिक्का जारी कर रही है।
इस कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री श्री चैहान ने बंधन वाटिका में श्रद्धेय राजमाता जी के जीवन पर आधारित एक चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभात झा, ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, मंत्रीगण इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, गौरीशंकर बिसेन, विधायक अजय बिश्नोई, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, शरद गौतम, महेश उमरैया, खुशबू गुप्ता, सुमन शर्मा सहित महिला मोर्चा की कार्यकता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी ने एवं आभार महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने व्यक्त किया।
0 Comments