सिवनी, शहडोल और उमरिया में बारिश के साथ गिरे ओले

फसलों के नष्ट होने की आशंका...

सिवनी, शहडोल और उमरिया में बारिश के साथ गिरे ओले


महाकोशल-विंध्य में शुक्रवार से मौसम में बदलाव हुआ है। शुक्रवार, शनिवार के बाद रविवार को भी महाकोशल के सिवनी, मंडला और विंध्य के शहडोल, उमरिया में बारिश के साथ ओले गिरे। सिवनी के लखनादौन और घंसौर ब्लॉक के 20 से अधिक गांवों में रविवार दोपहर तेज बारिश के साथ ओले गिरे।

5 से 10 मिनट तक चने व आंवले आकार के ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सूचना के बाद राजस्व अमले ने प्रभावित गांवों में निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद ओलावृष्टि से नुकसानी सामने आएगी। लखनादौन ब्लॉक के आदेगांव, लखनादौन, पहाड़ी, टीलेगंगई के अलावा घंसौर ब्लॉक के कहानी, खमरिया गोसाई सहित अन्य गांवों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।

उमरिया जिले में पाली के घुनघुटी में दोपहर में करीब आधे घंटे तक ओलावृष्टि हुई जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं जिले के दूसरे हिस्सों में धूप खिली रही। उमरिया नगर में मौसम खुला रहा।

शहडोल जिले में लगातार दूसरे दिन भी जमकर बारिश हुई साथ ही ओले भी गिरे हैं जिसके चलते किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगी हैं। इतना ही नहीं खेतों में फसल बिछ जाने से दाना खराब होने की आशंका को बल मिल रहा है। रविवार को शहर में चने बराबर तो गांवों में कंचे के आकार के ओले गिरे है और इससे दलहनी फसलों के नष्ट होने की आशंका है। जिले के बुढ़ार, धनपुरी में भी ओले गिरे हैं। इधर, मंडला में भी शाम को बारिश के साथ ओले गिरे हैं।

Comments