चौथी बार भी सीएम बन सकता था, लेकिन नहीं बना : शिवराज

माफिया की पक्षधर है भाजपा...

चौथी बार भी सीएम बन सकता था, लेकिन नहीं बना : शिवराज



भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ जी, माफिया और अतिक्रमण के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर टारगेट करके कार्रवाई की जा रही है। क्या कमलनाथ जी बताएंगे प्रदेश में कितने माफिया हैं? उनकी जानकारी सार्वजनिक करें और उन पर कार्रवाई करें। हम भी माफिया को खत्म करने में उनका सहयोग करेंगे, लेकिन चिन्हित करके भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई हुई तो फिर हम हर अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे।

चौहान शुक्रवार को प्रदेश सरकार की तानाशाही, माफिया एवं अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को परेशान करने और कलेक्टर व एसडीएम द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर हाथ उठाने के विरोध में भाजपा की हल्लाबोल आंदोलन में भाग लेने कलेक्टोरेट पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टोरेट पर धरना भी दिया।

शिवराज सिंह ने कहा कि कमलनाथ जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री आवास मिशन कर दिया और फोटो अपनी लगा दी। पैसा केंद्र सरकार का और फोटो उनकी, फिर भी गरीबों को मकान नहीं मिल पा रहे हैं। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस से ज्यादा हमे वोट मिले थे। तीन बार मैं मुख्यमंत्री रहा, मगर चौथी बार मुख्यमंत्री बनते रह गया। इस बार भी सीएम बन सकता था, लेकिन सोचा की एक बार कांग्रेस को मौक़ा दे दो।

भाजपा ने शुक्रवार को राज्य की कांग्रेस सरकार की माफियाओं के खिलाफ मुहिम की आड़ में आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए राज्य के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में हल्लाबोल प्रदर्शन किया।

राजधानी भोपाल में कलेक्ट्रेट के पास भाजपा कार्यकर्ता दोपहर बाद एकत्रित हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अगुवाई में कलेक्टोरेट पहुंचे। जिन्हें यहां तैनात पुलिस बलों ने रोक दिया, लेकिन कार्यकर्ता रुके नहीं और आगे बढ़ते रहे।

ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार व प्रदेश सरकार की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध में सांसद विजय शेजवलकर, जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।

इसके अलावा जबलपुर में  सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, बैतूल, रतलाम, मंदसौर, धार और अन्य जिला मुख्यालयों से भी भाजपा के प्रदर्शन और उनके नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की खबरें यहां पहुंची हैं।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि भाजपा ने आज माफिया के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में प्रदेश भर में प्रदर्शन कर बता दिया कि भाजपा जनता की नहीं, माफियाओं की सच्ची पक्षधर, भाजपा का घिनौना चेहरा सामने आया।

कांग्रेस की भाजपा को खुली चुनौती अभी तक माफिया मुक्त अभियान में ऐसा एक भी नाम वह बताएं जिसके ऊपर कार्रवाई को वह गलत मानते हो, उसे माफिया नहीं मानते हो और यदि कोई सूची भाजपा के पास माफियाओं की हो तो उसे सार्वजनिक करें।
Reactions

Post a Comment

0 Comments