साथियों के साथ हुआ गिरफ्तार...
पुलिस लाइन से पुलिस वाले की बाइक सिपाही ने चुराई
जांजगीर/। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले की पुलिस को बाइक चोरी की गुत्थी सुलझाने में कामयाबी मिली है। एक मामले में तो खुद अपने ही महकमे के सिपाही को पुलिस ने चोरी के इल्जाम में पकड़ा। आरोपियों के पास से चोरी की 2 बाइक और 1 स्कूटी भी बरामद की गई है। दो अलग-अलग मामलों में पकड़ में आए तीनों आरोपियों को फिल्हाल जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को उजागर हुए मामलों में से एक में पुलिसकर्मी ही चोर निकला। बीते जनवरी के महीने में जांजगीर पुलिस लाइन से एक आरक्ष की बाइक चोरी हो गई। पुलिस लाइन से चोरी पर सवाल यह उठा कि जहां सारे पुलिस वाले रहते हैं वहां आखिर बाइक चोर ने घटना को कैसे अंजाम दे दिया। जांच में पता चला कि आरोपी राकेश रात्रे बिना किसी को सूचना दिए पिछले कई दिनों से लापता है। पुलिस उसके गांव जा पहुंची। पूछताछ में यह बात सामने आई कि राकेश ने अपने गांव के ही रहने वाले दोस्त दुर्गेश के साथ मिलकर बाइक चोरी की।
एक स्कूटी चोरी के मामले में पुलिस के हाथ आरोपी प्रकाश तिवारी तक पहुंचे। प्रकाश के पास चोरी की स्कूटी भी मिल गई। उसने बताया कि पिछले दो सालों में उसने कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपी इससे पहले रायगढ़ में धोखाधड़ी के केस में जेल जा चुका है। आरोपी गाड़ियों का सौदा करते वक्त फर्जी दस्तावेज भी इस्तेमाल किया करता था।


0 Comments