G News 24: अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता जमानत जब्त भी करवा देती है : अखिलेश

 ओवैसी-चंद्रशेखर को अखिलेश यादव की हिदायत...

अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता जमानत जब्त भी करवा देती है : अखिलेश

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गुरुवार (12 नवंबर) को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक ऐलान करते हुए 2027 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया.

अख‍िलेश यादव ने चंद्रशेखर और ओवैसी वाले ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत करते हुए दी ह‍िदायत कि अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता जमानत जब्त भी करवा देती है, उम्मीद है सियासत में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होगी और हर कोई अपने समाज के सच्चे हित के लिए काम करेगा.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड

इस नए गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है. सपा चीफ ने एक्स पोस्ट में कहा, "‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का हम स्वागत करते हैं. समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए, लेकिन सच में सफलता तब ही मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ सक्रिय होगा. 

हम सहयोग करेंगे- 'अखिलेश यादव'

अखिलेश यादव ने कहा, "पीडीए समाज के भले के लिए जो भी साम्प्रदायिक ताकतों से सच में लड़ेगा और पीडीए समाज की आवाज उठाएगा, उसकी ईमानदार आवाज अवाम तक पहुंचाने में हम सहयोग करेंगे. इसका एक फायदा विपक्ष को ये मिलेगा कि भावनात्मक जुमलों और छलावे में आकर जो लोग साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते थे, वो अब उनकी तरफ नहीं जाएंगे." 

सपा चीफ ने यह भी कहा, "बहकावे में आकर वोट देने वाले ऐसे भोले-भाले लोगों के लिए अब एक और विकल्प खुला होगा. इससे बीजेपी को 2-3% वोटों की हानि और होगी. बीजेपी तो कहीं की नहीं रहेगी. केवल बातों और बयानों से सरगर्मी पैदा करना जिनका मकसद होता है, जनता उनका सच समझती है." 

उन्होंने आगे लिखा, "बहुत दिनों से अपेक्षित इस घटनाक्रम के घटित होने के बाद आज यह भी स्पष्ट हो गया है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में जिसका आधारभूत वोट ज्यादा होगा, सच में ‘परिवर्तन’ चाहने वाली जनता उसी की तरफ जाएगी, और इस संदर्भ में ‘पीडीए’ से बड़ा अन्य कोई विकल्प है ही नहीं. सपा चीफ ने इस गठबंधन को शुभकामनाएं भी दीं.

Reactions

Post a Comment

0 Comments