G News 24 : एमएसएमई के लिए बनेगी नई औद्योगिक विकास कंपनी, दो माह में जिलों में मिलेगी जमीन !

 900 से अधिक इकाइयों को ₹450 करोड़ से ज्यादा की प्रोत्साहन राशि...

एमएसएमई के लिए बनेगी नई औद्योगिक विकास कंपनी, दो माह में जिलों में मिलेगी जमीन !

भोपाल, 1 नवंबर। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई एमएसएमई औद्योगिक विकास कंपनी (MSME-IDC) गठित करने की घोषणा की। यह कंपनी उद्योगों के लिए भूमि और आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने पर काम करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो माह में प्रदेश के सभी जिलों में एमएसएमई इकाइयों के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 900 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को 450 करोड़ रुपये से अधिक और 120 से ज्यादा स्टार्टअप को 47.80 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। उन्होंने 75 औद्योगिक भूखंडों के आशय-पत्र भी प्रदान किए। इनसे लगभग 83 करोड़ रुपये का निवेश और 640 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब निजी निवेशक भी औद्योगिक पार्क विकसित कर सकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार 50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान उपलब्ध कराएगी। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि सरकार निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने बताया कि वर्ष 2028 तक 30 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और 5,000 उद्योगों को भूखंड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किए गए।

Reactions

Post a Comment

0 Comments