G News 24 : ग्वालियर की आदर्श गौशाला में भव्यता के साथ मनाया गया दशम गोवर्धन महोत्सव !

 151 टन गोबर से बने गोवर्धन महाराज का हुआ पूजन, गूंजे जयकारे...

ग्वालियर की आदर्श गौशाला में भव्यता के साथ मनाया गया दशम गोवर्धन महोत्सव !

ग्वालियर। शहर के लालटिपारा स्थित आदर्श गौशाला में इस वर्ष दशम गोवर्धन महोत्सव अत्यंत भव्य और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर 151 टन गाय के गोबर से तैयार किए गए विशाल गोवर्धन महाराज का विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, गो-संरक्षण और प्राकृतिक खेती के संवर्धन का अनूठा संदेश दिया गया।

लालटिपारा स्थित आदर्श गौशाला में 151 टन गाय के गोबर से बने गोवर्धन का पूजन विधि विधान से गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। गोवर्धन पर 56 भोग अर्पण कर आरती की गई। गोवर्धन पूजा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ साथ गौ-संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही गौशाला में आने वाले गौ भक्तों द्वारा गोवर्धन पूजन विधि विधान से की गई। श्री साधु तिवारी द्वारा हनुमान अंस में गाये गए गाने काहे जिद कर रहीं काहे को मर रहीं गाने पर सभी गौ भक्त झूम उठे । 

इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया, अपैक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव, नगर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, गौशाला का संचालन कर रहे स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नवल शुक्ला, पूर्व साडा अध्यक्ष जय सिंह कुशवाहा, बजरंग दल के पूर्व प्रदेश संयोजक एवं विश्व हिंदू परिषद के पप्पू वर्मा, लेखा समिति अध्यक्ष एवं पार्षद अनिल सांखला, संजू परमार, बॉलीवुड कलाकार एवं गायक साधू तिवारी, नंदलाल बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रूप सिंह राजपूत, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव सहित कई गणमान्य नागरिक और बजरंगी भक्त मंडल के गौ सेवक एवं बड़ी संख्या में गौ भक्त उपस्थित रहे।

महोत्सव के दौरान गोवर्धन महाराज की आरती उतारकर उन्हें 56 भोग अर्पित किए गए। गौशाला में पहुंचे भक्तों ने अपने घरों से विशेष सामग्रियां लाकर गौमाता और गोवर्धन महाराज को भेंट कीं। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में गौ-संरक्षण और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कृष्ण लीलाओं के मंचन से झूम उठे भक्त

गोवर्धन पर्व के इस विशेष अवसर पर गौशाला परिसर में वृंदावन की रास मंडली द्वारा भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का जीवंत मंचन किया गया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई लीलाओं ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और गौ भक्तों ने इसका भरपूर आनंद उठाया।

Reactions

Post a Comment

0 Comments