G News 24 : 200 फीट लंबा ज्ञापन लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा शख्स,वजह जानकर अधिकारियों के उड़े होश !

  171 बार शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने पर पीड़ित शख्स ने अपनाया यह रास्ता...

 200 फीट लंबा ज्ञापन लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा शख्स,वजह जानकर अधिकारियों के उड़े होश !

सागर।11 नवंबर 2026| मध्य प्रदेश के सागर जिले के कलेक्टर दफ्तर में हाल ही में एक बड़ा ही अजीब मामला देखने को मिला। हुआ यह कि एक शख्स अचानक अपने हाथ में करीब 200 फीट लंबा कागज (ज्ञापन) लहराते हुए सीधे दफ्तर में दाखिल हो गया। इतना लंबा ज्ञापन देखकर वहां मौजूद अफसरों और आम लोगों की आंखें फटी की फटी रह गई। जिसे देखो वही हैरान था। अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने का यह अनोखा तरीका अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

171 बार लगाई गुहार

कलेक्टर ऑफिस पहुंचे इस शख्स का नाम हरकिशन सेन है। उन्होंने बताया कि वे काफी लंबे समय से अपनी मांग को लेकर चक्कर काट रहे हैं और अब तक 171 बार अफसरों को ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन देकर घर भेज दिया जाता था और काम के नाम पर कुछ नहीं होता था। बार-बार के चक्करों से तंग आकर उन्होंने अपनी पुरानी सभी अर्जियों और शिकायतों को एक साथ जोड़ा और 200 फीट लंबी माला तैयार कर ली, ताकि अफसरों को याद आ सके कि वे कितनी बार आ चुके हैं।

3614 एकड़ जमीन का मुद्दा

हरकिशन ने अपने इस लंबे-चौड़े ज्ञापन में जिले की बीना, खुरई, मालथौन, बंडा, राहतगढ़ और नरयावली तहसीलों में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर कब्जों की बात उठाई है। उन्होंने मांग की है कि बीना के ग्राम देवल में करीब 3614 एकड़ की जो जमीन है, वहां फिर से गौ अभयारण्य बनाया जाए। उनका कहना है कि अंग्रेजों के समय में यहां गायों के लिए खास जगह हुआ करती थी, जिसे अब दोबारा से चालू करना चाहिए ताकि बेजुबान जानवरों को सिर छिपाने की जगह मिल सके।

सड़कों पर भटकती गायें

अपनी अर्जी के जरिए हरकिशन ने प्रशासन के रवैये पर भी सीधे सवाल दागे हैं। उनका कहना है कि कागजों में तो हजारों एकड़ जमीन चरागाह के नाम पर दर्ज है, लेकिन असलियत यह है कि बेजुबान गायें सड़कों पर भूखी-प्यासी घूम रही हैं और गाड़ियों की टक्कर से मारी जा रही हैं। उन्होंने पूछा कि जब शहर में बाकी अवैध कब्जे गिराने के लिए बुलडोजर तुरंत निकल पड़ता है, तो गायों की जमीनों पर कब्जा जमाकर बैठे भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं होती?

अफसरों ने फिर दिया आश्वासन

हमेशा की तरह इस बार भी ज्ञापन लेने के बाद अधिकारियों ने जांच कराने और जल्द कार्रवाई करने की बात कही है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 171 शिकायतों और इस 200 फीट लंबे ज्ञापन के बाद प्रशासन सच में जागेगा? क्या सागर में गायों के लिए उनकी जमीन वापस मिल पाएगी, यह देखना अभी बाकी है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments