G News 24 : जमीन के नीचे ड्रमों में भरकर दबाए थे करोड़ों रुपये,गिनती करते-करते गई टीम !

 पट्टीदार से हुए विवाद के बाद,जमीन की खुदाई करते ही निकला नोटों का खजाना... 

जमीन के नीचे ड्रमों में भरकर दबाए थे करोड़ों रुपये,गिनती करते-करते  गई टीम !

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज के बरईपुर रामनगर में एक मकान के अंदर जमीन के नीचे ड्रमों में छिपाकर रखे गए करोड़ों रुपये मिले हैं। पट्टीदार से विवाद के बाद पुलिस ने छापा मारकर खुदाई कराई, जहां 60 करोड़ से ज्यादा कैश मिलने की चर्चा है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक मकान के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए करोड़ों रुपये बरामद किए हैं। आरोपी ने घर के भीतर जमीन के नीचे प्लास्टिक के ड्रमों में नोटों की गड्डियां भरकर छिपा रखी थीं। बुधवार शाम से शुरू हुई इस कार्रवाई में देर रात तक 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की गिनती हो चुकी थी। सूत्रों का दावा है कि बरामद की गई यह रकम 60 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी गिनती खत्म होने के बाद ही कुल रकम का सही आंकड़ा साफ हो पाएगा।

नोटबंदी के दौरान पुणे से बोरियों में भरकर लाया था कैश

सूत्रों के मुताबिक बरईपुर रामनगर का रहने वाला यह शख्स कुछ साल पहले महाराष्ट्र के पुणे में किसी प्राइवेट फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह वहां से बोरियों में भरे करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया था। इसके बाद वह अपने गांव लौट आया और यहां कई बीघा जमीन खरीदी। पकड़े जाने के डर से उसने बाकी बचे करोड़ों रुपये ड्रमों में भरे और अपने ही मकान के अंदर जमीन खोदकर दबा दिए।

पट्टीदार से हुई कहासुनी ने खोल दिया राज

सालों से जमीन के नीचे दबे इस खजाने का राज एक मामूली झगड़े की वजह से खुल गया। कुछ दिन पहले आरोपी की अपने पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के चलते घर के अंदर जमीन में करोड़ों रुपये दबाए जाने की भनक पुलिस के कानों तक पहुंच गई। आला अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार रात पुलिस ने भारी फोर्स के साथ मकान को चारों तरफ से घेरकर दबिश दी।

एक के बाद एक निकले नोटों से भरे ड्रम

पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर के अंदर जमीन की खुदाई शुरू करवाई। खुदाई के दौरान जब एक के बाद एक नोटों से भरे कई ड्रम बाहर निकलने लगे, तो मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। कैश का जखीरा इतना बड़ा था कि पुलिस को नोट गिनने के लिए संबंधित विभाग की टीम और मशीनें मौके पर बुलानी पड़ीं।

इलाके में मची खलबली, आरोपी से पूछताछ जारी

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि बरईपुर रामनगर स्थित एक मकान से करोड़ों रुपये की बरामदगी हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर कैश के सोर्स के बारे में पूछताछ की जा रही है और गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम स्पष्ट होगी। उधर, भारी पुलिस फोर्स द्वारा मकान को घेरने और जमीन से करोड़ों रुपये निकलने की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। देर रात तक आरोपी के घर के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।

Reactions

Post a Comment

0 Comments