नगर निगम ग्वालियर की विशेष पहल,नागरिकों से सहयोग की अपील...
स्वच्छ दिवाली ‘01 रुपये वाली’अनुपयोगी वस्तुओं को फेंकें नहीं,जरूरतमंदों को दीजिये
ग्वालियर, 25 अक्टूबर 2026। दीपावली के पर्व पर घरों से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने और उन्हें जरूरतमंद परिवारों के उपयोग में लाने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा ‘स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 21 अक्टूबर से 3 नवंबर तक संचालित इस अभियान के माध्यम से अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं को नया उपयोग देकर पर्यावरण संरक्षण के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता की जाएगी। नगर निगम की टीम द्वारा घर-घर जाकर आम नागरिकों से अपने घर की अनुपयोगी सामान जमा करने की अपील की जा रही है इसी को लेकर आम नागरिक भी बढ़-चढ़कर इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं और बड़ी संख्या में अपने घर की अनुपयोगी सामग्री दूसरों के उपयोग के लिए प्रदान कर रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी के निर्देशन में संचालित इस अभियान के संबंध में अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव ने बताया कि दीपावली के दौरान घरों की साफ-सफाई में बड़ी संख्या में ऐसी वस्तुएं बाहर निकलती हैं, जिनका उपयोग थोड़ी मरम्मत या उचित रखरखाव के बाद दोबारा किया जा सकता है। अक्सर ये वस्तुएं कचरे में पहुंच जाती हैं, जिससे अपशिष्ट की मात्रा बढ़ती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल (3R) की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
घर-घर से एकत्रित होंगी अनुपयोगी वस्तुएं
अभियान के अंतर्गत शहर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष संग्रहण वाहन संचालित किए जाएंगे, जो घरों से पुनः उपयोग योग्य सामग्री एकत्रित करेंगे। नागरिक अपने नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय में भी ऐसी वस्तुएं जमा करा सकते हैं। एकत्रित सामग्री को 3R सेंटर, फूलबाग में छंटाई एवं आवश्यक मरम्मत के बाद पुनः उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।
दीपावली के पश्चात तैयार की गई वस्तुएं जरूरतमंद नागरिकों को मात्र 01 रुपये प्रति वस्तु की दर से उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के तहत एक व्यक्ति को अधिकतम पांच वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस पहल का लाभ ले सकें।
आपकी अनुपयोगी वस्तु, किसी के लिए उपयोगी संसाधन
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों की साफ-सफाई के दौरान निकलने वाले ऐसे सामान को कचरे में फेंकने के बजाय अभियान के लिए सुरक्षित रखें, जिसका पुनः उपयोग या पुनर्चक्रण किया जा सकता है। इसमें पुराने कपड़े, किताबें, कागज, प्लास्टिक की उपयोगी सामग्री, गद्दे, जूते तथा इलेक्ट्रॉनिक सामान आदि शामिल हैं। सामग्री यथासंभव साफ-सुथरी और सुरक्षित स्थिति में उपलब्ध कराएं।
पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें
नगर निगम ग्वालियर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे ‘स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। वस्तुओं का पुनः उपयोग करने से कचरे की मात्रा कम होगी, प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, जिन वस्तुओं की आवश्यकता किसी परिवार को है, वे दूसरे परिवार के लिए अनुपयोगी रहने के बजाय किसी जरूरतमंद के जीवन में उपयोगी साबित होंगी। आइए, इस दीपावली संकल्प लें—अनुपयोगी वस्तुओं को कचरा नहीं बनने देंगे, उनका पुनः उपयोग बढ़ाएंगे और पर्यावरण संरक्षण के साथ जरूरतमंदों के घरों में खुशियां पहुंचाएंगे।




0 Comments