G NEWS 24 : रक्षाबंधन मनाने सेंट्रल जेल पहुंचीं 8 हजार से ज्यादा बहनें !

खुले आसमान के नीचे भाइयों को बांधी राखी...

रक्षाबंधन मनाने सेंट्रल जेल पहुंचीं 8 हजार से ज्यादा बहनें !

ग्वालियर। केंद्रीय जेल ग्वालियर में इस बार भी रक्षाबंधन का पर्व विशेष अंदाज में मनाया गया। जेल प्रशासन ने कैदियों और उनकी बहनों की मुलाकात जेल परिसर में खुले आसमान के नीचे कराई। अपने भाइयों को राखी बांधने और उनका हालचाल जानने के लिए ग्वालियर समेत आसपास के जिलों से 8 हजार से अधिक महिलाएं केंद्रीय जेल पहुंचीं। मुलाकात से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महिलाओं की तीन स्थानों पर कड़ी जांच की गई।

सुरक्षा कारणों से बाहर से किसी भी तरह की सामग्री जेल परिसर के अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक रही। जेल प्रशासन की ओर से ही बहनों को राखी, मंगल तिलक के लिए कुमकुम-अक्षत और मिठाई की किट उपलब्ध कराई गई, जिसके लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया था। 

लंबे समय बाद भाई से मुलाकात और रक्षाबंधन के भावुक माहौल ने कई भाई-बहनों की आंखें नम कर दीं। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सलामती और जल्द घर लौटने की कामना की। रक्षाबंधन के अवसर पर जेल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे परिसर में CCTV कैमरों से निगरानी रखी गई। 

मोबाइल फोन, मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। राखी, मिठाई, कुमकुम और अक्षत भी बाहर से लाने पर रोक रही। जेल प्रशासन की विशेष व्यवस्था के चलते हजारों बहनों को अपने भाइयों से मिलने और रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिला। मुलाकात के दौरान कई भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां बहनें अपने भाइयों की सलामती और जल्द रिहाई की दुआ करती नजर आईं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments