G News 24 : 25 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों से करेंगे वर्चुअल संवाद,कृषि नवाचारों पर होगी चर्चा !

 बलराम कृषि महोत्सव” के तहत डबरा में  होगा कार्यक्रम ...

25 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों से करेंगे वर्चुअल संवाद,कृषि नवाचारों पर होगी चर्चा !

ग्वालियर। जिले में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत 25 अगस्त को डबरा कृषि उपज मंडी परिसर में प्रातः 10 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के किसानों से वर्चुअल संवाद करेंगे तथा कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर चर्चा करेंगे। आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में कृषकगण शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं। कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि एवं उद्यानिकी के साथ-साथ पशुपालन को भी विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार किसानों की आय बढ़ाने, उनके जीवन स्तर को उन्नत करने तथा उनके समग्र कल्याण के उद्देश्य से आयोजित “बलराम कृषि महोत्सव” में कृषि की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही किसानों को विषय विशेषज्ञों से सीधे संवाद कराया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से किसानों को नवीन तकनीकों के साथ बाजार आधारित कृषि मॉडल की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

डबरा में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों एवं आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञ किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों, फसल उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा कृषि जोखिमों के प्रभावी प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराएंगे।

जिला प्रशासन द्वारा किसानों से “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत डबरा में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments