G News 24 : बेकाबू कार हाईकोर्ट जज के बंगले की दीवार से टकराई,नशे में धुत थे कार सवार !

 कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर बाउंड्रीवॉल से जा टकराई...

 बेकाबू कार हाईकोर्ट जज के बंगले की दीवार से टकराई,नशे में धुत थे कार सवार !

ग्वालियर। सिटीसेंटर के सबसे सुरक्षित वीआईपी एरिया में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि में तेज रफ्तार एक हुंडई कार बेकाबू होकर सीधे हाईकोर्ट जज के बंगले की सुरक्षा दीवार तो तोड़ते हुए अन्दर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर बाउंड्रीवॉल से जा टकराई। जिससे दीवार गिर गयी। बंगले की सुरक्षा में तैनात एसएएफ के जवानों ने सजगता दिखाते हुए कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला। जैसंे ही युवकों को बाहर निकाला गया तो उनके मुंह और कार के अन्दर से शराब की बदबू से सुरक्षाकर्मी भी दंग रह गये। तीनो आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

थाना विश्वविद्यालय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि में जज र्क्वाटर परिसर के बाहर की है। एसएएफ में पदस्थ आरक्षक नवल सिंह और अतेन्द्र सिंह की ड्यूटी रात को न्यायाधीश र्क्वाटर के सुरक्षा घेरे में लगी थी। दोनों जवान अपना राउंड पूरा कर वापिस लौट रहे थे। तभी एक सफेद रंग की हुंडई कार नंबर एमपी07 सीबी 3634 का ड्रायवर कार को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए लाया। सिटीसेंटर चौराहे के पास आते ही चालक ने कार पर से काबू खो दिया और कार डिवाइडर को कूदती हुई सीधे न्यायाधीश के बंगले की दीवार में जा धंसी।

कार की टक्कर की आवाज सुनकर सुरक्षा में तैनात जवान तुरंत गाड़ी की तरफ दौड़े। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और एयरबैग खुल चुके थे। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे खोलकर उसमें फंसे तीन युवकों को बाहर निकाला। कार से बाहर आते ही तीनों युवक लड़खड़ाने लगे। पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त के अनुसार, पकड़े गए कार सवारों की पहचान देवेश उर्फ देव यादव निवासी यादव हाउस, बीजासेन माता मंदिर के पास, महलगांव, ग्वालियर, सुबोध रावत पुत्र बारेलाल रावत, शिवम व्यास पुत्र प्रदीप व्यास के रूप में हुई है। तीनों युवक नशे में होने की आशंका पर जवानों ने तुरंत विश्वविद्यालय थाना पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया और तीनों को उनके सुपुर्द कर दिया।

विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को फिलहाल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित करने के लिए क्रेन की मदद से थाने भिजवाया है। मौके पर तैनात फरियादी आरक्षक नवल सिंह की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने कार चालक और उसके साथियों के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया गया है, जिसमें अत्यधिक मात्रा में अल्कोहल की पुष्टि हुई है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments