नगर निगम आयुक्त ने गठित की चार सदस्यीय जांच समिति...
गुड़ा-गुड़ी रिटेनिंग वॉल हादसे की होगी निष्पक्ष जांच: निगम आयुक्त संघ प्रिय
ग्वालियर। रविवार 19 जुलाई 2026 को वार्ड 55 अवाड़पुरा में रिटेनिंग वाल गिरने की घटना हुई है। गुड़ा गुड़ी नाके से आगे मुख्य मार्ग पर नगर निगम द्वारा पहाड़ की स्लाइडिंग की सुरक्षा हेतु दीवार का निर्माण कराया गया था। उक्त दीवार के ऊपर क्षेत्र में कई वर्ष पूर्व से कच्चे एवं पक्के भवन ( स्लम) के रूप में निर्मित हैं। प्रारंभिक जांच में तथ्य आये हैं कि बस्ती में एक निवासी के द्वारा अपने भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा था एवं भवन निर्माण सामग्री को एक स्थान सड़क पर ढेर के रूप में रखा गया था।
भवन निर्माण सामग्री में पानी के जाने के कारण अत्यधिक भार की स्थिति निर्मित होने की संभावना प्रथम दृष्टया दिख रही है। जिसके कारण दीवार पर भार आया है। कार्य की गुणवत्ता एवं अन्य तकनीकी बिन्दुओ के विस्तृत जांच के निर्देश कलेक्टर द्वारा जल संसाधन विभाग को दिए है। साथ ही आयुक्त नगर निगम द्वारा भी एक जांच कमेटी बनाकर सभी तथ्यों की जांच प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
क्षेत्र के उपयंत्री, सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए है। जांच उपरांत जिम्मेदारों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं निगम प्रशासन के अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति में करवाया। उक्त दुखद घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई है एवं 2 अन्य व्यक्ति घायल हो गए है जिनका समुचित इलाज जयारोग्य अस्पताल में किया जा रहा है।
सहायक यंत्री एवं उप यंत्री को कारण बताओं नोटिस...
रिटेनिंग वॉल (बाउंड्री वॉल) गिरने की दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं अन्य संबंधित पहलुओं की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति को सात दिवस के भीतर जांच पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेश के अनुसार गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित मुक्तिधाम के पास रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य वर्ष 2025 में कराया गया था। 19 जुलाई 2026 को उक्त दीवार गिरने से दो व्यक्ति घायल हो गए, जबकि एक महिला की दुखद मृत्यु हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
नगर निगम आयुक्त द्वारा गठित चार सदस्यीय समिति में अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार, नगर निवेशक सुरेश अहिरवार, प्रभारी सहायक यंत्री राजीव सोनी तथा प्रभारी कार्यालय अधीक्षक (जनकार्य) राजीव जायसवाल को सदस्य बनाया गया है। एवं सहायक यंत्री श्री राकेश कुशवाहा एवं तत्कालीन कार्यरत उप यंत्री श्री बृजेश राजपूत को सौंपे गए कार्य लापरवाही बरतने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया है।
आदेश में समिति को निर्देशित किया गया है कि वह घटनास्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी तथ्यों एवं अन्य संबंधित पहलुओं की विस्तृत जांच करते हुए सात दिवस के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करे, ताकि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



0 Comments