इंदौर से तीन सदस्यीय गिरोह ने गांव में बिजली की केबल चोरी करने पहुंचा था ...
ग्रामीणों ने चोरों के गले में केबल डालकर निकाला जुलूस,पकड़कर पुलिस को सौंपा !
उज्जैन। उज्जैन के बड़नगर तहसील के काजीखेड़ी गांव में केबल चोरी करते दो आरोपियों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों के गले में चोरी की केबल डालकर गांव में जुलूस निकाला और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। बड़नगर तहसील के काजीखेड़ी गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात ग्रामीणों ने केबल चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इंदौर से आए तीन सदस्यीय गिरोह ने गांव में बिजली की केबल चोरी करने पहुंचा था, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते उनकी पूरी साजिश नाकाम हो गई।
दरअसल, करीब रात 2:30 बजे ग्रामीणों को गांव में संदिग्ध गतिविधियां देखने मिलीं। आनन-फानन में लोगों ने मोर्चा संभाला और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान दो केबल चोरों को रंगे हाथों दबोच लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह का तीसरा साथी मौके से भाग निकला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण दोनों आरोपियों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद पिता चंद्र, जाति बागरी, निवासी ग्राम सिंहासा, इंदौर और भागीरथ पिता इंदु सिंह चौधरी (50 वर्ष), निवासी चंदन नगर, इंदौर के रूप में हुई। जिसे ग्रामीणों ने जमकर धुना और फिर बड़नगर पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित केबल चोरी गिरोह से जुड़े हैं? क्षेत्र में पहले हुई केबल चोरियों में इनका हाथ तो नहीं?
किसानों को मिली राहत
पिछले कुछ समय से क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी से किसान और ग्रामीण परेशान चल रहे थे। आए दिन रात होते ही खेतों और गांवों की बिजली गुल हो जाती थी। ग्रामीणों की इस सतर्कता को बड़ी सफलता माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अब चोरों को पता चल गया कि काजीखेड़ी में रात के समय लोग जागने लगे हैं।
केबल गले में डालकर निकाला जुलूस
केबल चोरी करते पकड़े गए आरोपियों को ग्रामीणों ने सिर्फ पुलिस के हवाले ही नहीं किया, बल्कि सबक सिखाने के लिए उनका अनोखा जुलूस भी निकाला। ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों, विनोद और भागीरथ, के गले में चोरी की गई केबल डालकर पूरे गांव में पैदल घुमाया। इस दौरान लोगों ने 'चोर-चोर के नारे भी लगाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्रामीण दोनों आरोपियों को बीच में लेकर चल रहे हैं, जबकि उनके पीछे बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद हैं।



0 Comments