15 जुलाई तक आवेदन मांगे ...
परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने अतिथि विद्वानों का पैनल बनेगा !
ग्वालियर। ग्वालियर में राज्य शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिथि व्याख्याताओं (अतिथि विद्वानों) का पैनल तैयार किया जा रहा है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 15 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा, कर्मचारी चयन मंडल भोपाल, एसएससी, बैंकिंग तथा रेलवे भर्ती बोर्ड सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों का चयन किया जाएगा। इसके अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पर्यावरण, अर्थशास्त्र एवं करेंट अफेयर्स, भूगोल (मध्यप्रदेश, भारत एवं विश्व), समाजशास्त्र, लोक प्रशासन तथा गणित एवं रीजनिंग विषयों के अतिथि व्याख्याताओं का पैनल तैयार होगा।
आवेदनकर्ताओं के लिए निर्धारित अर्हता के अनुसार संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से स्नातकोत्तर उपाधि होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त ऐसे अनुभवी अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में संकाय सदस्य के रूप में कार्य करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों के चयन का सफल अनुभव प्राप्त किया हो।
प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा आवश्यकता के अनुसार चयनित अतिथि व्याख्याताओं की सेवाएं ली जाएंगी। अध्यापन कार्य के मूल्यांकन में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा दिए गए फीडबैक को भी प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। अतिथि विद्वानों को पीरियड के हिसाब से राज्य शासन के प्रावधानों के अनुसार मानदेय दिया जायेगा।
अतिथि व्याख्याता के रूप में सेवाएं देने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन 15 जुलाई तक कार्यालयीन समय में शारदा विहार, सिटी सेंटर स्थित शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में प्रस्तुत कर सकते हैं। इसी कार्यालय से इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।


0 Comments