सामाजिक,बौद्धिक एवं समसामयिक विषयों पर आधारित...
‘बिग थिंकर’ न्यूज़ मैगज़ीन का प्रथम अंक प्रकाशित,अचलेश्वर महादेव के श्रीचरणों में किया समर्पित !
ग्वालियर। सामाजिक,बौद्धिक एवं समसामयिक विषयों पर आधारित न्यूज़ मैगज़ीन ‘बिग थिंकर’ का प्रथम अंक प्रकाशित होने के पश्चात ग्वालियर के ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर में 'भगवान अचलेश्वर महाराज' के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक समर्पित किया गया। इस अवसर पर संपादकीय मंडल द्वारा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर मैगज़ीन की सफलता, समाज में सकारात्मक चिंतन तथा जनजागरूकता की कामना की गई।
‘बिग थिंकर’ न्यूज़ मैगज़ीन केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, शिक्षा, संस्कृति, समसामयिक मुद्दों, लोकतंत्र, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के विचारों को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है। मैगज़ीन का उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि पाठकों को सोचने, समझने और समाज के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक एवं रचनात्मक विमर्श के लिए प्रेरित करना भी है। इसी सोच के साथ इसका प्रकाशन प्रारंभ किया गया है।
मैगज़ीन की विशेषता यह है कि इसमें समसामयिक विषयों पर विश्लेषणात्मक लेख, सामाजिक मुद्दों पर विशेष आलेख, सांस्कृतिक विरासत, युवा दृष्टिकोण, प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की कहानियां तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा, जिससे पाठकों को सार्थक, विश्वसनीय और ज्ञानवर्धक सामग्री प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर संपादकीय बोर्ड के साथ-साथ अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के वरिष्ठ सदस्य एवं भक्तगण संतोष सिंह राठौड़, मंदिर निर्माण समिति के संयोजक हरीबाबू शिवहरे, महेंद्र भदकारिया, प्रदीप बंसल, अजमेर सिंह रावत, अशोक अग्रवाल, विपिन अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
संपादकीय मंडल द्वारा जानकारी दी गई कि शीघ्र ही शहर के गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति में ‘बिग थिंकर’ न्यूज़ मैगज़ीन के औपचारिक विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मैगज़ीन की अवधारणा, उद्देश्य एवं भविष्य की योजनाओं से भी सभी को अवगत कराया जाएगा।


0 Comments