G News 24 : कार्यकर्ता के लिए प्रशिक्षण वर्ग, कार्यकर्ता निर्माण की सुदृढ़ एवं व्यवस्थित प्रक्रिया : श्री अग्रवाल

 बीजेपी के पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत उटीला मंडल का  प्रशिक्षण वर्ग आयोजित !

 कार्यकर्ता के लिए प्रशिक्षण वर्ग, कार्यकर्ता निर्माण की सुदृढ़ एवं व्यवस्थित प्रक्रिया : श्री अग्रवाल 

ग्‍वालियर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल ने रविवार को भाजपा के पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत उटीला मंडल के कृष्‍णायन मैरिज गार्डन में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता-आधारित संगठन है, जहाँ प्रत्येक कार्यकर्ता इसकी वास्तविक शक्ति है। संगठन विचारों के साथ-साथ उन विचारों को आत्मसात कर जन-जन तक पहुँचाने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं से सशक्त होता है। कार्यकर्ताओं के निर्माण की सुदृढ़ प्रक्रिया ही प्रशिक्षण वर्ग है, जो उन्हें दिशा, दृष्टि और दक्षता प्रदान करता है तथा विचार, व्यवहार और नेतृत्व के स्तर पर उन्हें सशक्त बनाता है। 

प्रशिक्षण केवल जानकारी नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सतत प्रक्रिया है। यह कार्यकर्ता की क्षमताओं को निखारकर संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता लाता है और सेवा, समर्पण व राष्ट्रहित की भावना को और अधिक प्रभावी बनाता है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद का दर्शन भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास पहुँचाने की प्रेरणा देता है। 

प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि उटीला मंडल अपनी विशिष्ट कार्यशैली, सक्रियता और संगठनात्मक अनुशासन के लिए सदैव पहचान रखता है। प्रशिक्षण वर्ग में यहां आप लोगों को बहुत कुछ सिखाया जाएगा। हमारे पितृपुरुष ही हमारे सच्चे प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार, उनके आदर्श और उनका त्याग ही हमें राष्ट्रसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। जब हमारी सरकार बनी, तो कश्मीर को पूर्ण रूप से देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य किया गया। आज कश्मीर में तिरंगा शान से लहरा रहा है यह भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, संकल्प शक्ति और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बलिदान का परिणाम है।

उन्‍होंने कहा कि हम अक्सर कहते हैं कि यदि त्याग और समर्पण का उदाहरण देखना हो तो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी से प्रेरणा लें, और यदि आदर्श जीवन जीने का मार्ग देखना हो तो पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन हमारे सामने है। भारतीय जनता पार्टी अन्य दलों से अलग क्यों है, इसका उत्तर भी हमें पंडित दीनदयाल जी के “अंत्योदय” के विचार में मिलता है। उन्होंने हमें सिखाया कि हमारा संगठन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति गांव, गरीब और किसानके लिए समर्पित होना चाहिए। यही विचार हमारी नीतियों और कार्यप्रणाली का आधार है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ केंद्र एवं राज्य सरकारों ने जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है, जिसमें कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

बूथ स्तर की मजबूती ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत...

संगठनात्मक विषयों पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि बूथ स्तर की मजबूती ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” का संकल्प लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर सक्रिय रहना चाहिए। आज का समय तकनीक और सूचना का है, इसलिए कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया, डेटा प्रबंधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे आधुनिक विषयों की जानकारी यहां प्रशिक्षण वर्ग में दी जाएगी। इसलिए प्रशिक्षणार्थी बनकर यहां सीखना  होगा। यह प्रशिक्षण वर्ग केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक और संगठनात्मक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है। 

मोदी जी अंत्योदय के संकल्प को साकार कर रहे ...

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि जब-जब हमारी सरकारें बनी हैं, तब-तब ऐसे ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जो दशकों तक अधूरे रहे। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी के नेतृत्‍व में हर घर तक शौचालय की सुविधा, जन-धन योजना से करोड़ों लोगों का बैंकिंग से जुड़ाव, 80 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क राशन, गरीबों के लिए पक्के आवास और डिजिटल भारत के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक ऑनलाइन भुगतान की सुविधा, ये सभी प्रयास “अंत्योदय” के संकल्प को धरातल पर साकार करते हैं। 

इस अवसर पर मंडल अध्‍यक्ष सुधाकर पाठक, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंअर जाटव, पूर्व मंडल अध्‍यक्ष जगदीश जी,चरणसिंह राणा, केशव बघेल, उदय यादव, निर्दोश शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments