G News 24 : पुलिस हेलमेट चेक करने में व्यस्त,उधर रफ्तार का कहर,नातिन के बाद नानी की भी हो गई मौत !

 डबरा बायपास पर तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने मारी थी टक्कर...

पुलिस हेलमेट चेक करने में व्यस्त,उधर रफ्तार का कहर,नातिन के बाद नानी की भी हो गई मौत !

डबरा/ग्वालियर । ग्वालियर। एक तरफ तो कोर्ट के आदेश पर पुलिस दोपहिया वाहन चालकों के शहर की सड़कों और गलियों में हेलमेट चेक करने और जुर्माना वसूलने में व्यस्त है वहीं दूसरी तरफ हाइवे पर ओवर स्पीड में दौड़ते बड़े वाहन लोगों को कुचल रहे हैं। इधर पुलिस का ध्यान क्यों नहीं है इन पर सख्त कार्वाही क्यों नहीं होती है। इसी रफ्तारकी  भेंट एक बाइक सवार का परिवार चढ़ गया। डबरा बायपास हाइवे पर सहराई पुल के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। इस घटना में 7 वर्षीय नातिन के साथ उसके नाना-नानी गंभीर रूप से घायल हुए थे। 

घटना के बाद घटनास्थल पर ही मासूम की मौत हो गयी थी। जबकि 55 वर्षीय नानी ने शनिवार -रविवार की दरमियानी रात 1 बजे को अंतिम सांस ली। नानी हादसे के बाद से ही बेहोश थी। वेंटिलेटर पर जीवन के लिये संघर्ष कर रही थी। यह घटना शुक्रवार की दोपहर ग्वालियर-डबरा-झांसी हाइवे पर हुआ था। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे में घायल मासूम के नाना की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

ग्वालियर के लक्ष्मीगंज निवासी जंडेल सिंह परिहार 7 नवंबर की सुबह बाइक से दतिया के इंदरगढ़ के लिए निकले थे। उनके साथ पत्नी लता परिहार (55 वर्ष) और सात वर्षीय नातिन निवृति (पुत्री राजकुमार सिंह) भी थी। तीनों को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होना था।जब वे ग्वालियर-झांसी हाइवे पर डबरा के सहराई पुल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डबरा सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। डबरा सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने सात वर्षीय निवृति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नाना-नानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को ग्वालियर के जेएएच ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

ऐसा बताया गया है कि मासूम निवृति के माता-पिता का तलाक हो चुका है। इसके बाद वह अपने नाना-नानी के साथ ही रहती थी। शुक्रवार को जंडेल सिंह ने स्कूल से उसे छुट्टी दिलाकर कार्यक्रम में साथ ले गये थे। संयोग से उसी स्कूल में उसकी मां भी शिक्षिका है। किसी को यह अंदेशा नहीं था िकवह और उसकी नानी अब कभी वापिस नहीं लौटेगी। 

घटना के बाद से लता परिहार बेहोश थी। वेंटिलेटर पर रखी गयी थी। शनिवार -रविवार की रात करीब 1 बजे जेएएच ट्रॉमा सेंटर से न्यूरोसर्जरी वार्ड ले जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को डबरा पुलिस ने ग्वालियर पहुंचकर शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे में घायल नाना जंडेल सिंह की हालत अभी भी गंभीर है। उनके चेहरे, जबड़े और सिर में गंभीर चोटें हैं। डबरा सिटी थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल मासूम के बाद उसकी नानी की भी रविवार को मौत हो गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है और आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments