महिलाएं अखंड सौभाग्य प्राप्ति के लिए निर्जला उपवास रखती हैं...
आज मनाएं हरतालिका तीज,जानिए शुभ योग में व्रत पारण का समय !
हरतालिका तीज भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। इस दिन महिलाएं अखंड सौभाग्य प्राप्ति के लिए निर्जला उपवास रखती हैं। इसके अलावा सुख-समृद्धि की कामना करते हुए घरों में शिव परिवार का पूजन किया जाता है। इस वर्ष 26 अगस्त 2025 यानी आज हरतालिका तीज है। यह शिव और पार्वती के मिलन का प्रतीक है। इस दिन पूजा करने से व्यक्ति के जीवन में प्रेम, विश्वास और खुशहाली का संचार होता है। हालांकि कुछ उपाय करने से संतान प्राप्ति, पति की तरक्की और धन लाभ के योग बनते हैं। ऐसे में आइए हरतालिका तीज के शुभ मुहूर्त से लेकर पूजन विधि व उपाय को विस्तार से जानते हैं।
इस वर्ष भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि की शुरुआत 25 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजकर 34 मिनट से हो रही है। इसका समापन 26 अगस्त को दोपहर 1 बजकर 54 मिनट पर माना जा रहा है। इसलिए 26 अगस्त 2025 को हरतालिका तीज मान्य है।
ज्योतिषियों के मुताबिक प्रात:काल से लेकर दोपहर 12 बजकर 09 मिनट तक है शुभ योग...
ज्योतिषियों के मुताबिक हरतालिका तीज पर साध्य योग बन रहा है, जो प्रात:काल से लेकर दोपहर 12 बजकर 09 मिनट तक है। इसके बाद शुभ योग की शुरुआत होगी। वहीं रवि योग पूरे दिन रहने वाला है। इसके साथ ही इस दिन सर्वार्थ सिद्धि, गजकेसरी और पंचमहापुरुष जैसे संयोग भी रहेंगे।
हरतालिका तीज पर पूजा मुहूर्त...
- हरतालिका तीज पर पहला मुहूर्त (ब्रह्म मुहूर्त) सुबह 4 बजकर 27 मिनट से सुबह के 5:12 मिनट तक रहेगा।
- दूसरा (अभिजीत मुहूर्त) सुबह 11 बजकर 57 मिनट से दोपहर 12 बजकर 48 मिनट तक मान्य है।
- तीसरा (विजय मुहूर्त) दोपहर में 2 बजकर 31 मिनट से दोपहर 3 बजकर 23 मिनट तक रहने वाला है।
व्रत का पारण ...
पंचांग के मुताबिक इस वर्ष हरतालिका तीज के व्रत का पारण 27 अगस्त को होगा। इस दिन सुबह 5 बजकर 57 मिनट पर सूर्योदय होगा। ऐसे में व्रती महिलाएं इसके बाद अपना व्रत खोल सकती हैं।
पूजा विधि...
- हरतालिका तीज पर पूजा से पहले सर्वप्रथम मिट्टी से भगवान शिव, देवी पार्वती और गणेश जी की प्रतिमा बनाएं। अब साफ चौकी पर लाल रंग का कपड़ा बिछाएं और इन मूर्तियों को उसपर स्थापित कर दें।
- इसके बाद शिव परिवार को साफ नए वस्त्र पहनाएं और सभी का तिलक करें।
- शिव जी को फूल, पार्वती जी को सोलह श्रृंगार और गणेश जी को आप दूर्वा अर्पित करें।
- अब सभी के समक्ष फल, मिठाई, चंदन, फूल, पान, सुपारी और नारियल रखें।
- इस दौरान महादेव को सच्चे भाव से बेलपत्र चढ़ाएं।
- फिर आप गणेश जी को मोदक का भोग लगाएं।
- अब शुद्ध देसी घी का दीप जलाएं और धूपबत्ती भी जला लें।
- फिर हरतालिका तीज की व्रत कथा का पाठ करें।
- अब पूरे शिव परिवार की आरती करें और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए जरूरतमंदों को दान करें।
हरतालिका तीज उपाय...
- हरतालिका तीज के दिन शिवलिंग पर जल, दूध, घी, शहद और गुड़ अर्पित करें। इससे सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
- इस दिन पूरे परिवार के साथ शिवलिंग पर कच्चा दूध अर्पित करें। इससे संतान के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
- तीज के दिन आप हरे रंग की चूड़ियां देवी को चढ़ाएं। इससे प्रेम जीवन मधुरमय और मनचाहा साथी पाने की कामना पूरी हो सकती हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए हम उत्तरदायी नहीं है।
0 Comments