G.News 24 : अभिनेत्री भूमि पेडनेकर हर महीने आश्रम संचालन के लिए दे रही हैं पैसा

सरकार ने मुरैना के अभ्युदय आश्रम का फंड रोका तो…

अभिनेत्री भूमि पेडनेकर हर महीने आश्रम संचालन के लिए दे रही हैं पैसा

मुरैना। मुरैना जिले के अभ्युदय आश्रम की मान्यता शासन ने खत्म कर दी है। वित्तीय अनियमितताओं के कारण इसे मिलने वाले बजट पर भी रोक लगा दी गई है। सरकारी रिकार्ड में यह आश्रम खत्म कर दिया गया, लेकिन धरातल पर यह अभी भी चल रहा है। फिल्म अभिनेत्री भूमि पेडनेकर हर महीने इस आश्रम के संचालन के लिए पैसा दे रही हैं, जिससे बेड़िया समुदाय की लगभग 25 बालिकाओं की परवरिश हो रही है। गौरतलब है कि शिक्षा से दूर रहने व वैश्यावृत्ति को रोजगार मानने वाले बेड़िया समुदाय की बालिकाओं को इस गंदे धंधे से मुक्ति दिलाकर शिक्षा से जोड़ने के लिए साल 1992 अभ्युदय आश्रम की नींव रखी गई। 

अभ्युदय आश्रम अब तक 154 लड़कियों की शादी करवा चुका है, कई युवतियां उच्च शिक्षित होकर निजी व सरकारी क्षेत्र में नौकरी कर रही हैं। क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर कई पुरस्कार जीत चुके अभ्युदय आश्रम के खिलाफ हुई एक शिकायत के बाद पूर्व कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन ने जांच करवाई। कलेक्टर की जांच में अभ्युदय आश्रम में वित्तीय अनियमितताएं उजागर हुईं। सरकार से मिलने वाले बजट का सही उपयोग नहीं मिला और आश्रम प्रबंधन पूरा रिकार्ड भी प्रशासन को नहीं दिखा पाया। इसके अलावा आश्रम में लकड़ी जलाकर चूल्हे पर खाना बनता मिला, पर्दें गंदे व किचन तक में गंदगी व सीलन मिली। 

ऐसी 17 गड़बड़ी व कमियों की सूची बनाकर तात्कालीन कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन ने आश्रम की मान्यता निरस्त कराने का प्रस्ताव महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक को भेजा था। कलेक्टर के प्रस्ताव पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने जून 2022 में आदेश जारी कर मान्यता निरस्त दी।अभ्युदय आश्रम प्रबंधन इसे षडयंत्र बताता आ रहा है। फिल्म अभिनेत्री भूमि पेडनेकर का लगाव पांच साल से अभ्युदय आश्रम से है। पहले वह बच्चों को कंबल, कपड़े, मच्छरदानी, कंप्यूटर, लेपटाप, टीवी जैसी सामग्रियां देती रही हैं, लेकिन जब से अभ्युदय आश्रम की मान्यता निरस्त हुई है और सरकार ने आश्रम को मिलने वाला बजट रोक दिया है। 

तब से भूमि पेडनेकर हर महीने आश्रम में रह रहीं 25 बालिकाओं के रहन-सहन का खर्च उठाते हुए 70 से 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंचा रही है।भूमि पेडनेकर यह सहायता एचओएस एनजीओ के जरिए दे रही हैं। मार्च 2019 में रिलीज हुई सोनचिड़िया फिल्म की शूटिंग मुरैना जिले के बीहड़ों में हुई थी। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर साल 2018 में सोनचिड़िया फिल्म की शूटिंग के लिए मुरैना आई हुईं थीं। इस फिल्म में 9 साल की एक ग्रामीण बालिका का रोल था, जिसके लिए अभ्युदय आश्रम की बालिका खुशिया नागर का चयन हुआ। खुशिया नागर के साथ भूमि पेडनेकर ने फिल्म की शूटिंग कई दिन साथ की। इसी दौरान भूमि पेडनेकर का लगाव अभ्युदय आश्रम से हुआ और कई बार वह आश्रम में बच्चियों के साथ समय बिताने आईं।

हमारे आश्रम के खिलाफ षडयंत्र हुआ है, यह बात बाल आयोग तक ने अपनी जांच में मानी है, क्योंकि साल 2020 व 2021 के करीब 24 लाख रुपये का भुगतान भी नहीं किया। जून 2022 में मान्यता रद्द कर दी गई। आश्रम में फिलहाल 25 बच्चियां रह रही हैं, इनमें एक बच्ची बाल कल्याण समिति द्वारा भेजी गई है, जिसके लिए भी प्रशासन कोई मदद नहीं दे रहा। भूमि पेडनेकर हर महीने 70 से 75 हजार रुपये एचओएस नाम की संस्था के जरिए दे रही हैं, उससे आश्रम का संचालन हो पा रहा है - अरुणा छारी, संचालिका, अभ्युदय आश्रम मुरैना

पूर्व कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन ने एक शिकायत के बाद जांच कराई, जिसमें अभ्युदय आश्रम में वित्तीय गड़बड़ियां सामने आई थीं। सरकार से मिलने वाले बजट के खर्च का सटीक हिसाब नहीं था, आश्रम प्रबंधन ने मांगने पर भी पूरा रिकार्ड नहीं दिखाया। इसके बाद कलेक्टर के प्रस्ताव पर आश्रम की मान्यता निरस्त की गई है, पुराने फंड भी रोके गए हैं - महेंद्र सिंह, डीपीओ, महिला एवं बाल विकास मुरैना

Comments