मारियुपोल में रूसी डेडलाइन खत्म, यूक्रेन ने खारिज किया सरेंडर का प्रस्ताव

कीव में रिहाइशी एरिया पर एयर स्ट्राइक…

मारियुपोल में रूसी डेडलाइन खत्म, यूक्रेन ने खारिज किया सरेंडर का प्रस्ताव

रूस-यूक्रेन जंग का आज 26वां दिन है। मारियुपोल शहर पर फाइनल कब्जे के लिए रूस की तरफ से दी गई सरेंडर की डेडलाइन खत्म हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, रूस ने रविवार रात को मारियुपोल एडमिनिस्ट्रेशन को सरेंडर के लिए मॉस्को के समय के हिसाब से सुबह 5 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे) की डेडलाइन दी थी। हालांकि, यूक्रेन ने सरेंडर के इस प्रस्ताव को पहले ही ठुकरा दिया है। CNN के मुताबिक, यूक्रेन की डिप्टी PM इरिना वेरेस्चुक ने कहा कि सरेंडर करने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। 

किसी भी तरह सरेंडर या हथियार डालने जैसी कोई बातचीत नहीं हो सकती है। हम इस बारे में पहले ही रूस को बता चुके हैं। रूस को 8 पेज के लेटर पर टाइम खराब करने के बजाय मानवीय कॉरिडोर खोलना चाहिए। उधर, रूसी सेना ने रविवार रात को राजधानी कीव के रिहाइशी इलाके और एक शॉपिंग मॉल पर एयर स्ट्राइक कर दी। इस एयरस्ट्राइक में चार लोगों की मौत हो गई। मॉल के मलबे से यूक्रेनी इमरजेंसी सर्विस ने एक आदमी को जिंदा निकाला है।

अपडेट्स -

  • सूमी के उत्तरपूर्वी शहर में एक केमिकल प्लांट में अमोनिया लीकेज हो गया है। गवर्नर दिमित्रो ज़्य्वित्स्की ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने प्लांट के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वालों को यहां से सुरक्षित जगह जाने के लिए कहा है।
  • अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार को पोलैंड जाएंगे। इस दौरान वे नाटो और यूरोपीय संघ के सदस्यों के साथ यूक्रेन के संकट पर चर्चा करेंगे।
  • यूक्रेन ने दावा किया है कि मारियुपोल के नागरिकों को जबरदस्ती रूस भेजा गया है।
  • पोलैंड के डिप्टी PM जारोस्लॉ काग्ज्योंस्की ने कहा है कि वे गुरुवार को नाटो समिट में यूक्रेन के लिए पीस कीपिंग मिशन का प्रस्ताव रखेंगे। हालांकि पीस कीपिंग मिशन की संभावना को अमेरिका रविवार को ही खारिज कर चुका है।
  • स्लोविनिया के PM जेन्ज जेन्सा ने कहा कि वे अपने राजदूत को जल्द ही यूक्रेन की राजधानी कीव में वापस भेजेंगे। उन्होंने कहा, यूक्रेन को सीधे डिप्लोमेटिक सपोर्ट की जरूरत है।
  • अमेरिका में चीन के राजदूत क्विन गेंग ने उन खबरों को गलत बताया है, जिनमें चीन की तरफ से रूस को हथियारों की सप्लाई कर यूक्रेन जंग में सपोर्ट करने का दावा किया गया है।
  • यूक्रेन एडमिनिस्ट्रेशन ने रूस समर्थक कहे जाने वाले विपक्षी नेता विक्टर मेदवेदचुक की पार्टी समेत 11 राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिया।

  • रूसी सेना ने 600 घंटे तक लगातार काम कराने के बाद चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट से 64 कर्मचारियों को छुट्टी दे दी है। इस प्लांट में 200 लोगों का स्टाफ है।
  • तुर्की के विदेश मंत्री ने दावा किया है कि रूस और यूक्रेन अहम मुद्दों पर समझौते के बेहद करीब पहुंच गए हैं। तुर्की दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
  • अमेरिका का दावा है कि यूक्रेन के अधिकांश हिस्सों में अब हालात आपसी गतिरोध के बन गए हैं। रूस झुंझलाहट में आम नागरिकों को निशाना बना रहा है।

Comments