कई जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना !

प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू...

कई जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना !


भोपाल । राजधानी सहित प्रदेश के मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के रीवा संभाग के जिलों व सागर, जबलपुर और होशंगाबाद संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई। शेष संभाग के जिलों का मौसम शुष्क रहा। रीवा में 2, कटनी व सीधी में एक सेमी बारिश हुई। रीवा सागर व ग्वालियर संभाग के जिलों में कोहरा भी छाया रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में सभी संभाग के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस गुना में दर्ज किया गया। इधर, आगामी 24 घंटे के दौरान रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, शेष मप्र में मौसम शुष्क रहेगा। इसी तरह सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर व शहडोल जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने या गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी मप्र में हुई बारिश के चलते राजधानी सहित प्रदेशभर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट होगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।

जबकि, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह शनिवार का मौसम शुक्रवार के मौसम से ठंडा रहा। अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस की कम रहा। इधर, रविवार को इसमें और अधिक गिरावट होने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Comments