लंगर के लिए सेंकी रोटियां...

दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारा पहुंचे प्रिंस चार्ल्स


नई दिल्ली। ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस चार्ल्स तीन दिन के दौरे पर भारत आए हुए हैं। भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के इरादे भारत आए प्रिंस चार्ल्स अपनी यात्रा के पहले दिन बुधवार को दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे पहुंचे। वे गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर्व के अवसर पर ब्रिटेन के सिख समुदाय के योगदान को चिन्हित करने के लिए वहां पहुंचे।

 इस दौरान उन्होंने लंगर के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं को भी देखा। गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रिंस चार्ल्स लंगर के लिए तैयार हो रही रोटियों को भी सेकते नजर आए। इसके पूर्व उन्होंने भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का दौरा भी किया। अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रिंस चार्ल्स राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों के बीच जलवायु परिवर्तन, अंतर्राष्ट्रीय बाजार की प्रतिस्पर्धा सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना भी है।

भारत यात्रा के दौरान ही 14 नवंबर को प्रिंस चार्ल्स का 71वां जन्मदिन भी है। वह भारत में ही जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे। प्रिेंस ऑफ वेल्स की यह 10वीं आधिकारिक यात्रा है। भारत में ब्रिटिश हाईकमीशन के एक बयान में कहा गया कि प्रिंस चार्ल्स अपनी यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह भी बताया गया कि वह राष्ट्रमंडल कॉमनवेल्थ के 'प्वाइंट्स ऑफ लाइट' पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।

प्रिंस चार्ल्स प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत, ब्रिटेन और राष्ट्रमंडल के सैनिकों के बलिदान को याद करने के लिए एक सैन्य कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।प्रिंस चार्ल्स के वर्तमान दौरे के पूर्व वह साल 2017 में अपनी पत्नी कैमिला के साथ भारत दौरे पर आए थे। इसके पूर्व अक्टूबर में प्रिंस चार्ल्स के बड़े बेटे प्रिंस विलियम पत्नी केट मिडलटन के साथ पाकिस्तान के दौरे पर गए थे।
Reactions

Post a Comment

0 Comments