गुमराह करने वाली जानकारी न फैलाएं' श्रीमान ...
अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने लगाई फटकार !
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में जंतर मंतर को लेकर जो लिखा उस पर दिल्ली पुलिस ने रिप्लाई किया. दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल को सलाह दी है कि वो कोई भी गुमराह करने वाली या बिना पुष्टि की गई जानकारी न फैलाएं. दरअसल, केजरीवाल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को आज शाम 6.30 pm बंद करने के आदेश हैं. जबरदस्त सिक्योरिटी. ढेर सारी एम्बुलेंस. क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?
जंतर मंतर पर कोई कार्रवाई करने का प्लान नहीं: दिल्ली पुलिस
अरविंद केजरीवाल के इस पोस्ट पर दिल्ली पुलिस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से रिप्लाई करते हुए कहा, "दिल्ली पुलिस का आज रात चल रहे विरोध-प्रदर्शन पर कोई कार्रवाई करने का प्लान नहीं है. आपको सलाह दी जाती है कि कोई भी गुमराह करने वाली या बिना पुष्टि वाली जानकारी न फैलाएं."
There is no plan of Delhi police to crack down on the ongoing protest tonight as is being conveyed. You are advised to refrain from spreading or circulating any misleading/ unverified information.
— Delhi Police (@DelhiPolice) July 23, 2026
जंतर-मंतर पर मोबाइल इंटरनेट बंद
उधर, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार (23 जुलाई) को जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दीं. कॉकरोच जनता पार्टी नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. इस नये आदेश में दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार (सेवाओं का अस्थायी निलंबन) नियम, 2024 के प्रावधानों के तहत केंद्रीय गृह सचिव की मंजूरी से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के निलंबन की अवधि गुरुवार की मध्यरात्रि तक बढ़ा दी गई.
आदेश में कहा गया कि यह कदम ‘‘जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी सार्वजनिक आपात स्थिति को टालने’’ के लिए उठाया गया है. मंत्रालय 17 जुलाई से अब तक इस क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने के लिए ऐसे पांच आदेश जारी कर चुका है. परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में जारी आंदोलन 20 जून को शुरू हुआ था.



0 Comments