चांद के पीछे फूट-फूट कर क्यों रोए एस्ट्रोनॉट्स ...
कमांडर ने चांद की धरती पर अपनी दिवंगत पत्नी के लिए किया ऐसा काम, पूरी दुनिया कर रही सलाम !
आर्टेमिस 2 मिशन के दौरान एक ऐसा भावुक पल आया, जिसने न केवल एस्ट्रोनॉट्स की, बल्कि धरती पर बैठे कंट्रोल सेंटर के वैज्ञानिकों की भी आंखें नम कर दीं. जब मिशन एक नया रिकॉर्ड बना रहा था, कमांडर रीद वाइसमैन ने अपनी दिवंगत पत्नी को याद करते हुए चांद के एक हिस्से का नामकरण उनके नाम पर कर दिया. इस एक पल ने सभी की आंखें नम कर दीं.
अंतरिक्ष का सफर सिर्फ मशीनों और आंकड़ों का खेल नहीं है. कई बार इसमें इंसानों के जज्बात भी शामिल होते हैं. आज जब नासा का ओरियन (Orion) स्पेसक्राफ्ट चंद्रमा के सबसे करीब से गुजरा, तो उसके अंदर मौजूद चार एस्ट्रोनॉट्स के लिए यह पल जीत और यादों का मिला-जुला अहसास लेकर आया. उन्होंने न सिर्फ इतिहास का सबसे बड़ा दूरी वाला रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि चांद की सतह पर अपने एक 'पुराने साथी' को भी नमन किया.
जब ओरियन स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी से सबसे दूर और चांद के सबसे पास था, तब कनाडाई एस्ट्रोनॉट जेरेमी हैनसन ने मिशन कंट्रोल से एक विशेष अनुरोध किया. उन्होंने चांद के एक चमकते बिंदु (Bright Spot) का नाम कमांडर रीद वाइसमैन की पत्नी 'कैरोल वाइसमैन' के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया. आइए जानते हैं एस्ट्रोनॉट रीद वाइसमैन की पत्नी 'कैरोल वाइसमैन' के बारे में.
एक भावुक श्रद्धांजलि, कैरोल (Carroll) क्रेटर
आज जब आर्टेमिस मिशन का ओरियन (Orion) स्पेसक्राफ्ट चंद्रमा के पिछले हिस्से (Far Side) के ऊपर से गुजर रहा था, तो उसमें बैठे एस्ट्रोनॉट्स ने एक अत्यंत भावुक निर्णय लिया. उन्होंने निर्णय लिया कि मिशन के कमांडर रीद वाइसमैन (Reid Wiseman) की पत्नी कैरोल, जिनका 2020 में कैंसर के कारण निधन हो गया था, अब उनके नाम पर चंद्रमा के एक अज्ञात, चमकीले क्रेटर (crater) का नाम रखा जाएगा. इस घोषणा के दौरान स्पेसक्राफ्ट के अंदर सभी एस्ट्रोनॉट्स भावुक हो गए और उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया. रीद की बेटियां, ऐली और कैथरीन, ह्यूस्टन स्थित मिशन कंट्रोल से इस ऐतिहासिक और निजी पल को देख रही थीं.
फूट-फूट कर रोने लगे जांबाज
जैसे ही कमांडर रीद वाइसमैन ने स्पेसक्राफ्ट के अंदर से उस प्वाइंट को देखकर अपनी पत्नी का नाम पुकारा, वे और उनके साथी एस्ट्रोनॉट्स अपने आंसू नहीं रोक पाए. स्पेसक्राफ्ट के छोटे से केबिन के अंदर सभी ने एक-दूसरे को गले लगाया. यह एक ऐसा पल था, जब धरती से लाखों किलोमीटर दूर एक पति ने अपनी पत्नी के उस सपने को पूरा किया, जिसे वह खुद जिंदा रहते नहीं देख सकी थी.
रिकॉर्ड जो इतिहास बन गया
आज के ही दिन आर्टेमिस-2 ने अपोलो 13 के 56 साल पुराने दूरी के रिकॉर्ड को भी तोड़ा है. लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मिशन केवल किलोमीटर के लिए नहीं, बल्कि उन मानवीय भावनाओं के लिए याद किया जाएगा, जो चांद के अंधेरे हिस्से में भी रोशनी की तरह चमक उठीं.
To commemorate the Artemis II mission, the astronauts announced their suggestion to rename certain features on the Moon to honor the Orion spacecraft, named Integrity, as well as commander Reid Wiseman's late wife, Carroll. pic.twitter.com/ejfhnItDo8-NASA (@NASA) April 6, 2026
कौन थीं कैरोल वाइसमैन?
कैरोल वाइसमैन, मिशन कमांडर रीद वाइसमैन की पत्नी थीं. वे एक नर्स थीं और उन्होंने अपना जीवन दूसरों की मदद करने में बिताया. साल 2020 में, 5 साल तक कैंसर से लंबी जंग लड़ने के बाद महज 46 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था. रीद वाइसमैन अपनी दो बेटियों (एली और कैथरीन) के अकेले पिता हैं और यह मिशन उनके लिए एक व्यक्तिगत साधना जैसा है.
कहां है 'कैरोल क्रेटर'?
एस्ट्रोनॉट्स ने चांद के पिछले हिस्से (Far Side) पर ग्लुशको (Glushko) क्रेटर के उत्तर-पश्चिम में एक बेहद चमकदार गड्ढे (Crater) की पहचान की. यह क्रेटर इतना चमकदार है कि इसे एक 'ब्राइट स्पॉट' की तरह देखा जा सकता है. क्रू ने इन दोनों जगहों को अलग-अलग नाम दिया, जिसमें एक को स्पेसक्राफ्ट के नाम पर इंटेग्रिटी (Integrity) और दूसरे को कैरोल (Carroll) नाम दिया गया है.
अब घर वापसी की बारी
चांद की परिक्रमा और दूरी का महा-रिकॉर्ड बनाने के बाद अब ये चारों एस्ट्रोनॉट्स सुरक्षित वापसी के रास्ते पर हैं. अगर सब कुछ ठीक रहा, तो अगले कुछ दिनों में इनका ओरियन कैप्सूल प्रशांत महासागर में गिरेगा, जहां नौसेना और NASA के लोग इनका स्वागत करने के लिए तैयार खड़े हैं.


0 Comments