G News24 : जनसहयोग से बदल रही है सरकारी स्कूलों की तस्वीरें !

 “शिक्षा मित्र” अभियान के तहत स्कूलों में कुर्सी टेबल पहुँचाने का क्रम जारी ...

जनसहयोग से बदल रही है सरकारी स्कूलों की तस्वीरें !

ग्वालियर। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा प्रारंभ किया गया “शिक्षा मित्र” नवाचार आज जन सहभागिता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है। इस अभिनव पहल के तहत स्कूली बच्चों को जन सहयोग से टेबल और कुर्सी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे कक्षा कक्षों में पढ़ाई का माहौल बेहतर हो सके। अभियान के तहत सामाजिक सहयोग एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगभग 70 लाख रुपए की राशि एकत्र कर स्कूलों में टेबल कुर्सी पहुँचाने का कार्य किया गया है। यह क्रम अभी रुका नहीं है, निरंतर जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ समाज के प्रमुख लोगों ने भी कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के नवाचार “शिक्षा मित्र” में अपनी भागीदारी दर्ज की है। 

इस नवाचार की शुरुआत स्वयं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के ₹1 लाख रुपए के व्यक्तिगत सहयोग से हुई। इसके पश्चात विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार स्वेच्छा से सहयोग राशि प्रदान की। कलेक्टर की इस संवेदनशील पहल को जिले के नागरिकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों का भी भरपूर समर्थन मिला।

शिक्षा मित्र कार्यक्रम के तहत उन शासकीय स्कूलों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां बच्चों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल की कमी थी। उद्देश्य स्पष्ट है, हर बच्चे को सम्मानजनक और सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था मिले, ताकि वह पूरे मनोयोग से अध्ययन कर सके।“शिक्षा मित्र” अभियान के तहत कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के सभी विभागीय अधिकारियों ने स्वेच्छा से स्कूलों में टेबल कुर्सी हेतु अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार राशि प्रदान की है। इसके साथ ही सामाजिक सरोकार के इस काम में समाज ने भी आगे बढ़कर सहयोग किया है। 

“शिक्षा मित्र” कार्यक्रम में मिल रहा अभूतपूर्व जन सहयोग यह दर्शाता है कि यदि प्रशासन पहल करे तो समाज भी पूरे मन से साथ खड़ा होता है। कलेक्टर रुचिका चौहान की इस पहल ने शिक्षा को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर सामूहिक सामाजिक दायित्व के रूप में स्थापित किया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान का यह नवाचार न केवल जिले की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त कर रहा है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी अनुकरणीय मॉडल बनता जा रहा है। “शिक्षामित्र” अभियान यह साबित करता है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की नींव रख सकते हैं। 

“शिक्षा मित्र” अभियान के तहत स्कूलों में कुर्सी टेबल पहुँचाने का क्रम जारी 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के नेतृत्व में जिले में शिक्षा मित्र (शिक्षा से उत्तम ज्ञान) अभियान के तहत ग्वालियर प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र से अब तक 74 लाख रुपए की राशि जमा हुई है। अब तक 140 स्कूलों में 3 हजार 100 से अधिक टेबल कुर्सियां प्रदान की जा चुकी हैं। इसके साथ ही 2500 से अधिक टेबल कुर्सी तैयार हो चुकी हैं जो चिन्हित स्कूलों में पहुँचाई जा रही हैं। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments