बारिश में सर्विस रोड पर गड्डों में बदल चुकी रोड पर भारी ट्रक फंसने से लगा जाम ...
इंदौर में लगे महाजाम पर हल्ला मचा तो जाम खुलवाने दौड़े अफसर !
इंदौर। इंदौर के बाइपास पर अर्जुन बड़ौद में दो दिन से लगा महा जाम लगा हुआ है लगे जाम को लेकर जब हल्ला मचा तो केबिनों ट्रैफिक सुधार के लिए बैठकें करने वाले अफसर बैैठक जाम खुलवाने दौड़े। इंदौर में भोपाल के जो अफसरों बैठकों में शामिल होने आए थे। लौटते समय जब वे जाम में फंसे तो अधिनस्थ अफसरों को उन्होंने झाड़ा। नतीजा शनिवार सुबह से ही अमला मौके पर जा पहुंचा। ट्रैफिक जल्दी से जल्दी बहाल हो सके। इसके लिए मानपुर, देवगुराडि़या पर भारी वाहनों को रोका गया। चारपहिया वाहनों को भी उज्जैन होकर देवास की तरफ जाने का विकल्प दिया जा रहा था।
सोशल मीडिया पर मैसेज चलवाए गए कि जाम से अब लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन हकीकत यह थी कि लगातर दूसरे दिन भी वाहन रेंगते रहे। महाजाम के बीच अर्जुन बड़ौद गांव के पास सर्विस रोड पर गड्ढों में गिट्टी भरवाई गई और उसे दबाने के लिए बुलडोजर चले। इस कवायद का हल्का असर शाम को नजर आया। तीन-चार घंटे फंसने वाले वाहन एक-दो घंटे में निकलने लगे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने खुद मोर्चा संभाला और वे मौके पर पहुंचे और पेचवर्क का काम देखा। ब्रिज के आसपास लगे बेरिकेड हटाकर उस हिस्से को भी वाहनों के चलने लायक बनाया गया,ताकि दो लेन में वाहन चल सके। एडीएम रोशन राय को अर्जुन बड़ौदा क्षेत्र में पूरी टीम के साथ तैनात किया और देवगराड़िया क्षेत्र में एसडीएम अजय शुक्ला खड़े थे, जबकि राऊ वाले हिस्से में एसडीएम राकेश परमार व्यवस्थाएं संभाल रहे थे। अर्जुन बड़ौद गांव में ब्रिज निर्माण के कारण ट्रैफिक को सर्विस रोड पर शिफ्ट किया गया है। सर्विस रोड पर गड्ढे हो चुके है। यहां पेचवर्क किया गया है, लेकिन भारी वाहनों के कारण पेचवर्क भी ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगा।
वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की तरफ मोड़ा
अर्जुन बड़ोद में दो दिन से लगा जाम बहला हो सके। इसके लिए मानपुर, देवगुराडि़या पर भारी वाहनों को रोका गया। चारपहिया वाहनों को भी उज्जैन होकर देवास की तरफ जाने का विकल्प दिया जा रहा था। अफसरों की कोशिश यही थी कि ब्रिज के आसपास वाहनों की कतार न लगे और घंटे से फंसे वाहन निकल सके,हालांकि शाम तक अर्जुन बड़ौद गांव के आसपास वाहनों की कतार नजर आई।
इसलिए लगा महाजाम
इंदौर-देवास बाइपास पर अर्जुन बड़ौद गांव पर ब्रिज बनाया जा रहा है। मुख्य मार्ग को निर्माण कार्यों के चलते बंद कर दिया गया है। दोनो तरफ वाहनों को सर्विस रोड पर परिवर्तित कर दिया गया है। पचास फीट चौड़े सर्विस रोड पर वाहन वैसे ही स्पीड से नहीं निकल पाते है। फिर पीछे से आ रहे वाहनों की कतार लग जाती है। बारिश में सर्विस रोड पर बड़े गड्ढे हो गए। भारी ट्रक गड्ढों में न फंसे, इसलिए चालक धीरे-धीरे उन्हें निकालने लगे। इस कारण ट्रैफिक की गति और धीमी हो गई। इसके चलते दिनभर बाधित होने वाला ट्रैफिक महाजाम में तब्दील हो गया।
देवास बाईपास पर 40 घंटे बाद भी महाजाम से वाहन चालकों को राहत नहीं मिल पाई। आठ किलोमीटर लंबे जाम में जिंदगियां घंटों तक फंसी रही। कोई भूखे-प्यासे जाम खुलने का इंतजार करता रहा तो कोई बच्चे भी उमस और वाहनों के धुएं से परेशान नजर आए। दूसरे दिन प्रशासन जागा। अफसर दौड़े-दौड़े पहुंचे, लेकिन वे भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। आठ किलोमीटर लंबे जाम में पांच हजार से ज्यादा वाहन फंसे रहे। दोपहर में दो पहिया वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिली।
दो घंटे से गाड़ी हिली भी नहीं
पुणे से ट्रक लेकर आए मांगीलाल राठौर को भोपाल सुबह दस बजे तक पहुंचना था, लेकिन जाम के कारण दोपहर दो बजे तक डकाच्या गांव भी पार नहीं कर पाए। मांगीलाल कहते है कि डेढ़ घंटे तक ट्रक एक ही जगह खड़ा रहा। समय पर माल नहीं पहुंचने के कारण ट्रांसपोर्टर भी नाराज हो रहा है, लेकिन हम भी क्या कर सकते हैं।
पारिवारिक कार्यक्रम में जाने के बजाए जाम में फंसे रहे
इंदौर से पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह भोपाल के लिए निकली श्यामली बाई ने बताया कि सुबह आठ बजे हम इंदौर से निकले थे। 12 बजे तक हमें भोपाल पहुंचना था, लेकिन दस बजे तक हम बाइपास भी पार नहीं कर पाए। इतनी बड़ी समस्या को लेकर नेता क्यों कुछ नहीं बोल रहे है।
दोपहिया वाहन छोड़कर निकली महिला
एक घंटे से जाम के कारण दोपहिया वाहन पर सवार पति पत्नी भी परेशान हो रहे थे। जब गोद में बैठी बच्ची रोने लगी तो महिला पैदल ही जाम से बचने के लिए आगे निकल गई। वह रोती बच्ची को चुप भी कराते हुए चल रही थी। पति दोपहिया वाहन के साथ ट्रैफिक जाम में ही फंसा रहा।
बस में सुस्ताते नजर आए यात्री
इंदौर से भोपाल जा रही बस भी ट्रैफिक जाम में फंसी रही। बस में सवार यात्री सीट पर ही सुस्ताते रहे। ड्राईवर ने एसी बंद कर दिया था, तो यात्री एसी चालू करने का दबाव बनाते रहे। बस एक घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसी रही। एक एम्बुलैंस भी बमुश्किल जाम से आगे निकलने की जद्दोजहद करती नजर आई।
0 Comments