G Nnews 24 :महिलाओं की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर मैं अपनी बहनों के बीच आया हूं : CM शिवराज

 बहनों की आमदनी 10 हजार करने का लिया संकल्प…

महिलाओं की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर मैं अपनी बहनों के बीच आया हूं : CM शिवराज

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर मैं अपनी बहनों के बीच आया हूं। हम केवल लाडली बहना योजना तक ही सीमित नहीं रहेंगे, महिलाओं की आमदनी 10 हजार रूपए प्रतिमाह करना हमारा संकल्प है, आजीविका मिशन के माध्यम से सरकार यह काम करेगी। मुख्यमंत्री  ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित हुए भव्य “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन” सह मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार पत्र वितरण एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।  श्री चौहान ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर  और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया  के साथ लगभग 777 करोड़ 35 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत महिलाओं को हितलाभ एवं मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार पत्र प्रतीक स्वरूप वितरित किए। 

उन्होंने लाड़ली बहना सेना को कार्यालय की चाबी सौंपी और विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। महिला सशक्तिकरण की सफल दास्तां लिख रहीं जिले की महिलाओं ने स्वयं के द्वारा बनाए गए उपहार भी मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अन्य अतिथियों को सौंपे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं की जिंदगी बदलने के मंत्र की तरह है। प्रदेश की लगभग सवा करोड़ महिलाओं को 15 हजार करोड़ रूपए सरकार इस योजना के तहत हर माह दे रही है। उन्होंने दौहराया कि लाड़ली बहना योजना की राशि धीरे धीरे बढ़ाकर 3 हजार रूपए तक की जायेगी। इतना ही नहीं सरकार आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को स्व सहायता समूहों में संगठित कर उनकी आमदनी 10 हजार रूपए प्रतिमाह करने के लिए कृत संकल्पित है। साथ ही कहा कि महिलाओं को सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना व लाड़ली बहना योजना जैसी क्रांतिकारी योजनाओं को मूर्तरूप दिया है।

1000 बिस्तर अस्पताल एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं केन्द्रीय नगारिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ शनिवार को ग्वालियर में नवनिर्मित 1000 बिस्तर अस्पताल एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का लोकार्पण किया। नवनिर्मित आस्पताल का भ्रमण कर यहाँ उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ, नवनिर्मित अस्पताल में स्थापित पैथोलॉजी एवं आयुष्मान कक्ष का निरिक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। नवनिर्मित 1000 बिस्तर अस्पताल एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बनने से ग्वालियर अंचल को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलव्ध होंगीं । 

हिंदी हमारे भाव को व्यक्त करने की भाषा है: शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हिंदी हमारे भाव को व्यक्त करने की भाषा है। आज हिंदी का प्रचार प्रसार पूरे विश्व में हो रहा है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई जब याद आते हैं तो उनका मनमोहक स्वरूप याद आता है  मां सरस्वती उनकी जीभा पर विराजती थी। अटल जी का भाषण ओजस्वी भाषण होता था। उनका हिंदी के क्षेत्र में योगदान अतुलनीय है। मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को ग्वालियर में मध्य भारतीय हिन्दी साहित्य सभा ग्वालियर के हिन्दी भवन के भूमिपूजन समारोह में यह बात कही। मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेई के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनकी हिंदी भाषा के लिए उनके योगदान को याद किया जा सकता है। 

उसी प्रकार आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदी को पूरी दुनिया में स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब पूरे प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई को भी हिंदी में किया गया है, जिससे हिंदी भाषी बच्चों को समस्या ना हो। मध्य प्रदेश हिंदी भाषा को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है। ग्वालियर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में मध्य भारतीय हिंदी साहित्य सभा के हिंदी भवन का भूमिपूजन करके खुशी हो रही है। अब इस भवन का निर्माण भी जल्दी पूरा किया जाएगा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments