लॉकडाउन में दिल्ली से नोएडा बरात लेकर पहुंची दुल्हन

दूल्हे के घर में रचाई शादी....

लॉकडाउन में दिल्ली से नोएडा बरात लेकर पहुंची दुल्हन


नोएडा लॉकडाउन के बीच अक्षय तृतीय के अवसर पर गुरुग्राम में काम करने वाले युवक-युवती ने नोएडा स्थित घर में ही सादगी के साथ शादी रचाई और सभी को हैरान कर दिया। दिल्ली के उत्तम नगर रहने वाली आशी सिंघल अपने घर से दो लोगों के साथ नोएडा के सेक्टर 46 स्थित ए-ब्लॉक में रहने वाले अमन गथानिया के घर पहुंची और पूरी सादगी के साथ मात्र पांच मेहमानों के बीच दोनों शादी की डोर में बंध गए।

वर-वधु गुरुग्राम की आई-टी कंपनी में बतौर मैनेजर काम करते हैं। बताया जा रहा है कि अमन गथानिया नोएडा के एक व्यापारिक घराने से संबंध रखते हैं। इनके परिवार की नोएडा के सेक्टर-9 में ऑटो पार्ट्स का बड़ा कारोबार हैं। अमन की मां नोएडा के सेक्टर- 21 स्थित एक नामी स्कूल में अध्यापिका हैं।

दुल्हे की माता रजनी ने बताया कि लॉकडाउन के पूर्व शादी के लिए सारी तैयारी हो गई थी, यहां तक की बुकिंग भी हो चुकी थी। इसी बीच लॉकडाउन हुआ तो दोनों पक्षों ने घर में ही शादी करने का फैसला लिया। वधु अपने घर से दादी और चाचा के साथ दुल्हे के घर पहुंची। क्योंकि उसके माता-पिता नहीं है, उनकी दादी ने ही उनका लालन-पालन किया है।

इसलिए दुल्हे के बड़े पिता और माता ने लड़की का कन्यादान किया। वहीं लॉकडाउन के कारण लड़की के मामा-मामी नहीं आ सके तो दुल्हे के मामा-मामी ने दुल्हन के चूड़ा चढ़ाया। वहीं दुल्हे के घरवालों ने घर में ही पंडित को बुलाया और फेरे दिलवाएं व आशीर्वाद दिया।

दुल्हन की तरफ से दो लोग तो दुल्हे के पक्ष से तीन मेहमान बाहर से आए थे, इसके अलावा दुल्हे के घर के लोग शादी में उपस्थित रहे थे, और कम लोगों के बीच सरलता के साथ शादी संपन्न हुई। लॉकडाउन का असर से ही सही शादियों में लाखों करोड़ो का खर्चा करने के बजाए सादगी के साथ शादी का संदेश दिया गया।

Comments