फायरिंग में नरेश यादव तो बच गए लेकिन…
विधायक पर नहीं, बल्कि अशोक मान पर ही हमला किया गया था : दिल्ली पुलिस
दिल्ली l महरौली से आप विधायक नरेश यादव की गाड़ी पर गोली चलाई गई, जिसमें एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पार्टी के मुताबिक, विधायक नरेश यादव महरौली क्षेत्र में स्थित बाबा लटूरिया मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे। आरोप है कि यह विपक्षी दलों की हरकत है, जिन्हें चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है।
साथ ही दिल्ली की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया जा रहा है। इस बीच, दिल्ली पुलिस का कहना है कि विधायक नरेश यादव पर नहीं, बल्कि अशोक मान पर ही हमला किया गया था। उसे 15 दिन पहले धमकी भी मिली थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बता दें, अशोक मान हमले के वक्त विधायक के साथ कार में सवार था। एक अन्य कार्यकर्ता हरेंद्र पेट में गोली लगी है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हमला मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ।
हमले की सूचना लोगों को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के ट्वीट से मिली। ट्वीट में संजय सिंह ने लिखा, 'महरौली के विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला। अशोक मान की सरेआम हत्या। ये है दिल्ली में कानून का राज। मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे नरेश यादव।
विधानसभा चुनाव में आप विधायक नरेश यादव ने महरौली विधानसभा सीट से भारी मतों से जीत दर्ज की है। मतगणना केंद्र से निकलकर वह जुलूस के रूप में क्षेत्र में घूमे। इसके बाद बाबा लटूरिया मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। वापस लौटते समय वसंत कुंज के फॉर्टिस हॉस्पिटल के पास बाइक से आए एक युवक ने गोली चला दी।
बताया जाता है कि वह ओपन कार में थे। फायरिंग में नरेश यादव तो बच गए लेकिन कार में मौजूद अशोक मान को गोली लग गई। इसके बाद उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अशोक मान पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच कर रही थी कि हमलावर ने नरेश यादव को मारने के इरादे से हमला किया था या फिर अशोक मान को ही टारगेट किया था।










0 Comments