सीमा पर नक्सली समस्या का उठेगा मुद्दा...
अमित शाह की अध्यक्षता में होगी सेंट्रल जोन काउंसिल की बैठक
भोपाल। नईदुनिया स्टेट ब्यूरो। सेंट्रल जोन काउंसिल की बैठक 28 जनवरी को रायपुर (छत्तीसगढ़) में बुलाई गई है। बैठक में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच लंबे समय से उलझे मामलों पर चर्चा होगी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में मप्र-उप्र की सीमा पर डकैत समस्या और छग-मप्र की सीमा पर नक्सली समस्या का मुद्दा उठेगा। बैठक में मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित संबंधित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
सिंगरौली जिले से छग एवं झारखंड और बालाघाट जिले से छग की सीमा शुरू होती है। दोनों ही जगह नक्सलवाद बड़ी समस्या है। रायपुर में आयोजित बैठक में इस पर विस्तार से बात हो सकती है। नक्सली संगठन मप्र में वारदात करने के बाद दूसरे राज्यों में चले जाते हैं, जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई करने में दिक्कत होती है।
बैठक में इस मुद्दे पर पड़ोसी राज्यों से समन्वय की रणनीति पर चर्चा होगी। ऐसे ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच डकैत बड़ी समस्या हैं। आमतौर पर वे मप्र में वारदात करते हैं और उत्तर प्रदेश या महाराष्ट्र की सीमा में चले जाते हैं। बैठक में इस विषय पर संबंधित राज्यों से समन्वय को लेकर रणनीति पर बात की जा सकती है।
बैठक की तैयारियों के चलते सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को पत्र जारी कर संबंधित राज्यों की बीच प्रचलित विवादित मुद्दों की जानकारी मांगी है। जानकार बताते हैं कि 25 जनवरी तक सभी विभागों को जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। उनसे यह भी पूछा गया है कि इन विवादों में अब तक मप्र और संबंधित राज्यों ने क्या-क्या किया है।



0 Comments