G. News 24 : पत्नी और दो बच्चों सहित पूर्व भाजपा पार्षद ने की खुदकुशी

 बेटों की लाइलाज बीमारी से थे परेशान ...

पत्नी और दो बच्चों सहित पूर्व भाजपा पार्षद ने की खुदकुशी


विदिशा l मप्र के विदिशा में पूर्व भाजपा पार्षद संजीव मिश्रा ने अपने पूरे परिवार समेत जहर खाकर जान दे दी। मिश्रा दंपती अपने दोनों बेटों की लाइलाज बीमारी से परेशान थे। इसी से तंग आकर उन्होंने सामूहिक खुदकुशी कर ली। गणतंत्र दिवस पर आई इस हृदय विदारक घटना की सूचना से लोग व्यथित हो गए। घटना गुरुवार शाम की बताई गई है। सूचना मिलते ही मिश्रा दंपती व दोनों बेटों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

'ईश्वर दुश्मन के बच्चों को भी न दे ये बीमारी'

पुलिस व पारिवारिक सूत्रों के अनुसार गुरुवार शाम पूर्व पार्षद संजीव मिश्रा घर पर ही थे। जहर खाकर सामूहिक खुदकुशी के पहले मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर लिखा- 'ईश्वर दुश्मन के बच्चों को भी ना दें यह बीमारी, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी डीएमडी, प्रार्थना।', मिश्रा की यह पोस्ट वायरल होते ही परिचित व रिश्तेदारों को किसी अनहोनी को अंदेशा हुआ और वे ताबड़तोड़ उनके घर पहुंचे। वहां मिश्रा दंपती व दोनों बेटों को गंभीर हालत में तड़पते हुए पाया।

विदिशा के भाजपा नेता व्यथित

मिश्रा के करीबियों के अनुसार जब वे उनके घर पहुंचे तो बाहर से दरवाजा बंद था। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से मिश्रा के घर का दरवाजा तोड़ा गया। घर में संजीव मिश्रा, उनकी पत्नी नीलम मिश्रा, बेटा अनमोल (13) तथा सार्थक (7) बेहोश हालत में मिले। मिश्रा की पूरे परिवार समेत खुदकुशी की खबर मिलते ही विदिशा के भाजपा नेता व पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। विदिशा के भाजपा नेता इस घटना से बेहद व्यथित हैं। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि मिश्रा ऐसा कदम उठा सकते हैं।

आनुवंशिक है डीएमडी का कोई इलाज नहीं

बताया गया है कि भाजपा नेता संजीव मिश्रा के दोनों बेटों को ड्यूकेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (डीएमडी) बीमारी थी। यह दुर्लभ व घातक बीमारी है। इसमें मांसपेशियों की कमजोरी आने से पीड़ितों का सामान्य जीवन मुश्किल हो जाता है। मस्कुलर डिस्ट्रॉफी डायस्ट्रोफिन नामक प्रोटीन में कमी के कारण होती है। यह प्रोटीन मांसपेशियों की कोशिकाओं को स्वस्थ रखने और इनके विकास में मदद करता है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि डीएमडी की समस्या के लिए आनुवंशिक कारण अहम है। सामान्यतौर पर इसके लक्षण 2-4 साल की आयु में दिखने शुरू हो जाते हैं। इसका अब तक कोई इलाज नहीं है। एक अनुमान के मुताबिक लंबे समय तक चलने वाले इसके सहायक उपचार के लिए प्रतिवर्ष का खर्च 2-3 करोड़ रुपये तक खर्च आता है।



G.News 24 : मांगू भाई ने राजधानी में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

झाकियों में अद्भुत बताया मध्य प्रदेश…

मांगू भाई ने राजधानी में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

राजधानी भोपाल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। जहां राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने तिरंगा फहराया और सलामी ली। इसके अलावा राजनीतिक पार्टियों के कार्यालय, विधानसभा, नगर निगम समेत सभी शासकीय और अशासकीय कार्यालयों एवं स्कूल-कॉलेज में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह में राज्यपाल मंगू भाई पटेल शामिल हुए। 

उन्होंने ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में प्रदेश की प्रगति की जानकारी देते हुए जनता से प्रदेश और देश की उन्नति के लिए काम करने की अपील की। राज्यपाल ने बताया कि पहली बार राजभवन में जनजातीय प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। प्रकोष्ठ विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, भारिया, सहरिया के संरक्षण एवं विकास, वन अधिकार अधिनियम, पेसा अधिनियम, सिकल सेल एनीमिया और टीबी रोग उन्मूलन कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन, निर्देशन और निगरानी का प्रभावी कार्य कर रहा है। 

उन्होंने बताया कि जनजातीय बहुल मंडला और श्योपुर जिलों में नए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं। लाल परेड ग्राउंड पर झांकियों में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की झलक देखने को मिली। यहां देश का पहला  हर घर नल जल जिला बना बुरहानपुर, लाड़ली लक्ष्मियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन राशि, पेसा नियम 2022, खेलो इंडिया युथ गेम्स, वन जिला वन प्रोडक्ट, अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष-2023 में मध्य प्रदेश मिलेट मिशन, डिजीटल एग्रीकल्चर, मध्य प्रदेश साइबर पुलिस समेत अन्य झांकियां प्रदर्शित की गई। जिसमें मध्य प्रदेश को अद्भुत बताया गया।

G.News :24 : भाजपा को दुश्मनों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी : उमा भारती

डर्टी पॉलिटिक्स के चलते…

भाजपा को दुश्मनों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी : उमा भारती

भोपाल। चुनावी साल में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पहले शराबबंदी को लेकर अपनी ही सरकार को घेरती नजर आईं। वहीं अब अपनी ही पार्टी के नेताओं पर उनका गुस्सा फूटा। जिसे उन्होंने डर्टी पॉलिटिक्स का हिस्सा बताया। दरअसल उमा भारती ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर अफवाहें फैलाने और डर्टी पॉलिटिक्स करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। जिससे एक बार फिर भाजपा दुविधा में है। 

उमा ने प्रदेश कार्यसमिति में पहुंचने की वजह तो बताई, लेकिन पार्टी नेताओं को डर्टी पॉलिटिक्स का हिस्सा भी बता दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर ये फैलाया जा रहा है कि बिना बुलाए वे कार्यसमिति में चली गईं। उमा ने भाजपा के उन नेताओं को चेतावनी भी दी है जो डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट चला रहे हैं। साथ ही कहा कि पार्टी में बैठे कई लोगों को डर्टी पॉलिटिक्स की ऐसी झूठी बातें फैलाने से भाजपा को दुश्मनों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। आप जैसे लोग ही काफी होंगे। पढ़-लिख कर, समझ बूझ कर ही अफवाह फैलाइए, मूर्खता मत करिए।

उमा ने कहा कि 2018 जैसा माहौल आ गया, जब हमारे जैसे लोगों को लेकर झूठी बातें फैलाई जाती थी। मैं मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य हूं, इस नाते से मध्य प्रदेश की कार्यसमिति की स्थायी आमंत्रित सदस्य हूं। इसलिए प्रदेश कार्यसमिति में थोड़ी देर के लिए मध्य प्रदेश भाजपा का सम्मान रखने के लिए गई क्योंकि यह चुनावी वर्ष है। बता दें भाजपा कार्यसमिति में केंद्रीय मंत्री प्रदेश के कार्यसमिति सदस्य व सांसद विधायकों को बुलाया गया था।

मध्यप्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में मंगलवार को कई नेता पहुंचे थे। जिनमें विष्णु दत्त शर्मा, शिवराज सिंह चौहान के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया,प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्त से लेकर उमा भारती, कैलाश विजयवर्गीय आदि नेता पहुंचे थे। उमा भारती ट्विटर के जरिए पार्टी नेताओं पर बरसीं और अपना दर्द बयां किया। शराब बंदी, अवैध रेत उत्खनन को लेकर समय समय पर अपनी नाराजगी जता चुकी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी बैठक शामिल हुईं। वे जब पहुंचीं तो सोशल मीडिया पर कई तरह के मैसेज चले। इनमें से कुछ मैसेज उनके बिना बुलाए पहुंचने जैसे भी थे। उमा भारती ने इस तरह के मैसेज को लेकर ट्विटर पर अपना दर्द बयां किया है।

G.News 24 : आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों को कंपनी ने किया बर्खास्त !

मध्य प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे…

आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों को कंपनी ने किया बर्खास्त !

मध्य प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों को कंपनी बर्खास्त करने के लेटर जारी कर रही है। इसको लेकर हड़ताल कर रहे संगठन ने हड़ताल जारी रखने की बात कही हैं। मध्यप्रदेश में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे आउटसोर्सिंग बिजली कर्मचारियों को कंपनी की तरफ से अलग-अलग लेटर जारी कर बर्खास्त किया जा रहा है। यह कर्मचारी नियमितीकरण, संविलियन समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। 

कर्मचारियों के हड़ताल के चलते मध्यप्रदेश में बिजली आपूर्ति की व्यव्स्था चरमरा गई है। इसके चलते अब कंपनी ने इन कर्मचारियों को बर्खास्त कर रही है। इस बीच हड़ताल कर रहे संगठनों की तरफ से कहा गया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय महापर्व है। इसलिए संघ अपने सभी आंदोलनकारी संगठन प्रमुखों एवं सदस्यों सहित गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कर शांति पूर्व घर जाएगें। इसके बाद 27 जनवरी से पुन: अपने धरनास्थल पर उपस्थित होकर आंदोलन को निरंत जारी रखेंगे।

यह है मांगे -

हड़ताली में संविदा और आउटसोर्स कर्मचारी शामिल है। इसको नियमित कर्मचारी संगठन ने भी अपना समर्थन दिया है। हड़ताली कर्मचारियों की मांग संविदा नियमितीकरण, आउट सोर्स का संविलियन और वेतन वृद्धि, ओपीएस सभी वर्गों की वेतन विसंगति दूर करने के साथ-साथ पेंशन ट्रस्ट बनाए जाने की मांग शामिल है।

G.News 24 : केंद्रीय जेल ग्वालियर के 20 कैदी किये गए रिहा

74 वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर...

केंद्रीय जेल ग्वालियर के 20 कैदी किये गए रिहा

ग्वालियर।‌ केंद्रीय जेल ग्वालियर में 74 वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर हमारे प्रधानमंत्री यशस्वी नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा ऐतिहासिक निर्णय की साल भर में 4 बार कैदी रिहा होएंगे 26 जनवरी को लगभग 20 कैदी रिहा हुए। उनके अच्छे भविष्य की कामना करते हैं।‌ 

इस अवसर पर जेल में झंडा फहराया गया  और सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत बंदियों द्वारा हुआ इस अवसर पर केंद्रीय जेल संदर्शक स्वदेश पटसारिया ने कहा 26 जनवरी 1950 ही वह दिन था जब भारत पूर्ण गणतंत्र बना। 

इसी वजह से हर साल 26 जनवरी का दिन राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के तौर पर मनाया जाता है। पहली बार गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 1950 को मनाया गया था। यह वो दिन था जब से हम कहने लगे कि हम भारतवासियों का अपना संविधान व कानून है और हमें ब्रिटिश राज से पूरी तरह आजादी मिल गई है।

जेल सुपरडेंट विदित सर्विया उप जेलर संजीत कुमार शर्मा नरवरिया जेलर त्रिपाठी नीरज यादव सभी जेलर स्टाफ मौजूद रहा और सर्वो  ऑयल की तरफ से उनके मैनेजर द्वारा बंदियों को खेल की किट प्रदान की गई।

G.News 24 : हरिदर्शन स्कूल के बच्चों के साथ ऊर्जा मंत्री ने लिया सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद

मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत…

हरिदर्शन स्कूल के बच्चों के साथ ऊर्जा मंत्री ने लिया सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद

ग्वालियर। गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर 26 जनवरी को मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में शामिल हुए। उन्होंने शासकीय हरिदर्शन स्कूल बच्चों के साथ बैठकर सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद लिया। 

मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत हरिदर्शन स्कूल में आयोजित हुए सुरूचिपूर्ण भोज में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर एच बी शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। जिले के अन्य शासकीय स्कूलों में भी गणतंत्र दिवस पर मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत विशेष भोज का आयोजन हुआ।

G.News 24 : जिला स्तरीय मंच पर बालिकाओं ने किया आत्मरक्षा की ट्रिक्स का प्रदर्शन

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल योजना के अंतर्गत…

जिला स्तरीय मंच पर बालिकाओं ने किया आत्मरक्षा की ट्रिक्स का प्रदर्शन

ग्वालियर। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की  महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल योजना के अंतर्गत रागिनी फाउंडेशन द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्वालियर में जिला स्तरीय मंच पर, आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त बालिकाओं द्वारा आत्मरक्षा प्रदर्शन की प्रस्तुति दी गई। इस कार्यक्रम में एसएएफ ग्राउण्ड पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव, नगर निगम सभापति मनोज तोमर व भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संभाग आयुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीनिवास वर्मा, ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह जी (आई.ए.एस), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी जी (एसपी) नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी व अपर कलेक्टर एच बी शर्मा, एडिशनल एसपी जयराज कुबेर, प्रदीप सिंह तोमर (एस डीएम), सभी थाना प्रभारी एवं महिला पुलिस थाना प्रभारी, बटालियन के कई आला अफसर, जिला शिक्षा विभाग से आई. के. जैदी, परिवहन विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग,ग्वालियर के सभी शासकीय कॉलेज एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं अध्यापक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में शहरवासी 74वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए भव्य एवं गरिमामयी समारोह के साक्षी बने। परिवहन विभाग, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग , ग्वालियर के सभी शासकीय कॉलेज एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं, अध्यापक एवं  को-ऑर्डिनेटर सना उल्ला खान, मुख्य कोच अक्षय केन, उपस्थित रहे।