M.P. में उपचुनाव के लिए बीजेपी इस सप्ताह घोषित करेगी प्रत्याशी !

उमाभारती व कैलाश विजयवर्गीय हो सकते है दावेदार… 

मप्र में उपचुनाव के लिए बीजेपी इस सप्ताह घोषित करेगी प्रत्याशी !

भोपाल। राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव की अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गई है, लेकिन कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने यह निर्णय लिया है कि राज्यसभा उप चुनाव में पार्टी उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इसकी वजह यह है कि विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से बीजेपी के खाते में यह सीट जाएगी। पहले भी यह सीट बीजेपी के पास थी। राज्यसभा के लिए भाजपा में कुछ बड़े नामों की चर्चा भी है। 

इसमें पूर्व सीएम उमा भारती और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का भी नाम है। यह सीट थावरचंद गहलोत को कर्नाटक के राज्यपाल बनाए जाने के बाद से खाली हो गई थी। बीजेपी में राज्यसभा की एक सीट के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। पार्टी नेताओं का दबाव है कि गहलोत अनुसूचित जाति वर्ग से थे, इसलिए रिक्त हुए आधे कार्यकाल के लिए यह सीट इसी वर्ग से ही भरी जाए। 

यदि इस बारे में विचार आगे बढ़ा तो भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य को राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है। आर्य पहले मप्र की शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वे हार गए थे। इसके अलावा भी भाजपा के कई बड़े दावेदार राज्यसभा सीट की दौड़ में हैं। उनमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनीस सहित कई अन्य शामिल हैं।

विद्यार्थियों को अब "Modi Copy" के रूप में मिला नया शिक्षा मित्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किया विमोचन…

विद्यार्थियों को अब "मोदी कॉपी" के रूप में मिला नया शिक्षा मित्र 

सार्थक योगदान और नवाचार के प्रयोग में जुटी भाजपा, अब "मोदी कॉपी" के माध्यम से विद्यार्थियों की शिक्षा मित्र बनेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 71वें जन्मदिवस पर प्रदेश के विद्यार्थियों को 71 हजार "मोदी कॉपी" का वितरण किया जाएगा। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक सादे समारोह में "मोदी कॉपी" का विमोचन किया। भाजपा के इस नवाचार के सूत्रधार हैं भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं इंदौर के पार्षद दीपक जैन "टीनू"। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभावान बच्चों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रेरक संदर्भ और प्रेरणादायी जीवन चरित्र हमेशा से प्रोत्साहन का प्रतीक रहे हैं। "मोदी कॉपी" बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकता की पूर्ति में सहयोग करेगी और इसके माध्यम से उन्हें जीवन प्रबंधन और प्रोत्साहन के सूत्र भी प्राप्त होंगे। 

इस अवसर पर महामंत्री भगवानदास सबनानी जी , प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर जी , नरेंद्र पटेल जी,  विवेक तिवारी जी , आशीष अग्रवाल जी , राघवेंद्र शर्मा जी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। "मोदी कॉपी" अभियान के सूत्रधार दीपक जैन "टीनू" ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के जीवन से जुड़े हुए संस्मरण एवं विद्यार्थियों के लिए उनके द्वारा दिए गए संदेशों का समावेश किया गया है। प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम "मन की बात" में समय-समय पर विद्यार्थियों के लिए दिए गए उपयोगी सुझाव और प्रोत्साहन के प्रमुख बिंदु इस "मोदी कॉपी" में विशेष रूप से सम्मिलित किए गए हैं। "मोदी कॉपी" में दिए गए प्रधानमंत्री जी के प्रेरक विचार विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक हैं। इस "मोदी कॉपी" का वितरण जरूरतमंद विद्यार्थियों को किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि भाजपा के युवा नेता दीपक जैन (टीनू) द्वारा पूर्व में, इंदौर में वार्ड क्रमांक 6 में जरूरतमंद परिवारों को "मोदी छत" उपलब्ध करवाई गई थी। इस अभियान के तहत ऐसे परिवारों को चिन्हित किया गया, जिनके घरों की छत बहुत जर्जर या कच्ची थी। इन परिवारों को हर मौसम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे जरूरतमंद परिवारों को पिछले वर्ष प्रधानमंत्री जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में लोहे की चद्दर वाली "मोदी छत" उपलब्ध करवाई गई थी। इंदौर के वार्ड क्रमांक-6 में कई परिवारों को इस नवाचार का लाभ मिल चुका है। "मोदी कॉपी" के विमोचन के अवसर पर भोपाल की संस्था आरोह के अनेक विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का यह समूह भाजपा के इस नवाचार से काफी प्रसन्न नजर आया। सभी का मानना है कि "मोदी कॉपी" प्रेरणादायक कहानियों के साथ पढ़ाई में मददगार होगी। 

  • लावण्या सावंत -  पिता का देहांत हो गया है। 8वीं कक्षा की लावण्या मेधावी है एवं 90% से अधिक ही अंक परीक्षा में लाती है। 
  • सुजीत प्रजापति - सुजीत बोर्ड ऑफ़िस पर अख़बार  बेचता था। अभी 10वीं में है और सामान्य विद्यार्थियों से अच्छा पढ़ाई कर रहा है। सुजीत हमेशा कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करता है। 
  • सिद्धार्थ लोखंडे - सिद्धार्थ के पिता गार्ड हैं। सिद्धार्थ ने 9वीं में 85% अंक प्राप्त किए हैं। दसवीं के लिए भी सिद्धार्थ पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई कर रहा है। 
  • अश्विनी सोनवाने - अश्विनी के पिता नहीं हैं। अश्विनी ताइक्वांडो की मंझी हुई खिलाड़ी है। 8वीं की छात्रा अश्विनी भी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है। 
  • पंकज वाघमारे - पंकज के पिता दैनिक वेतनभोगी हैं। पंकज अभी दसवीं कक्षा में है। पंकज ने नौंवी में 89% अंक प्राप्त किए हैं।

शासकीय सेवकों की promotion के लिये सरकार वचनबद्ध : डॉ. मिश्रा

सभी पक्षों से मंत्री समूह करेगा चर्चा…

शासकीय सेवकों की पदोन्नति के लिये सरकार वचनबद्ध : डॉ. मिश्रा

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि शासकीय सेवकों की पदोन्नति के लिये सरकार वचनबद्ध है। डॉ. मिश्रा मध्यप्रदेश के शासकीय सेवकों को उनके सेवा काल में पात्रता अनुसार पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने के लिये गठित मंत्री समूह की बुधवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मंत्री समूह ने सर्व-सम्मति से निर्णय लिया गया कि अगली बैठक के पहले अजाक्स, सपाक्स एवं अन्य पक्षों से चर्चा की जायेगी। बैठक में जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, वन मंत्री डॉ. विजय शाह और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया मौजूद थे। 

स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार ऑनलाइन शामिल हुए। बैठक में अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार ने लोक सेवा पदोन्नति नियम-2002 और नवीन पदोन्नति नियम-2021 में किये गये प्रावधानों के बारे में अवगत कराया। मंत्री समूह ने पदोन्नति नियमों से जुड़े समस्त वैधानिक एवं संवैधानिक पहलुओं परविस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव जल-संसाधन एस.एन. मिश्रा, अपर मुख्य सचिव आई.सी.पी. केसरी और एडीजी अशोक कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यात्रियों से मनमाना fair वसूला तो होगी कार्रवाई : परिवहन मंत्री

 मंत्री श्री राजपूत ने अफसरों को दिए अभियान चलाने के निर्देश…

यात्रियों से मनमाना किराया वसूला तो होगी कार्रवाई : परिवहन मंत्री

भोपाल। यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने और नियमों के विपरीत व्यावसायिक माल का परिवहन करने वाले वाहनों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विभाग के अधिकारियों को ऐसे मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से जांच अभियान चलाया जाए। दरअसल, मंत्री को यह सूचना मिली है कि कुछ बस मालिक व्यावसायिक माल का परिवहन कर रहे हैं। उन्हें यह भी पता चला है कि अंतरराष्ट्रीय परमिट वाली बसों में त्योहारों को देखते हुए यात्रियों से ज्यादा किराया वसूला जा रहा है। 

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बस मालिकों और चालकों से बस संचालन के लिए निर्धारित नियम एवं निर्देशों का पालन कराना विभाग की जिम्मेदारी है। इसलिए नियमों का उल्लंघन कर यात्री बस संचालन करने वाले बस मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करें। मंत्री ने कहा है कि वे खुद औचक निरीक्षण कर बस मालिकों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की स्थिति देखेंगे। वे किसी भी जिले में औचक निरीक्षण कर सकते हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर 19 राजनीतिक दलों का भारत बंद को समर्थन

11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश में पूरी ताकत के साथ चलाया जायेगा अभियान…

राष्ट्रीय स्तर पर 19 राजनीतिक दलों का भारत बंद को समर्थन

भोपाल। राष्ट्रीय स्तर पर 19 राजनीतिक दलों के आव्हान पर 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 20 सितंबर से 30 सितंबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान को मध्यप्रदेश में भी पूरी ताकत के साथ चलाया जायेगा। इस संबंध में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, समानता दल, लोकतांत्रिक जनता दल, समाजवादी पार्टी , भाकपा माले, राष्ट्रीय जनता दल आदि ने संयुक्त बयान जारी कर न केवल प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की बात कही है, बल्कि संयुक्त किसान मोर्चे के आव्हान पर 27 सितंबर को होने वाले भारत बंद को भी पूर्ण समर्थन दिया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव अरविंद श्रीवास्तव, लोकतांत्रिक जनता दल के प्रदेशाध्यक्ष दिलीप सिंह, भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी के सदस्य देवेंद्र सिंह चौहान, समानता दल के प्रदेशाध्यक्ष इंजी.महेश सिंह कुशवाह ने संयुक्त रूप से जारी बयान में कहा है कि मध्यप्रदेश में भी यह अभियान व्यापक रूप से चलाया जायेगा। 

नेताओं ने संयुक्त रूप से जारी बयान में कहा है कि किसानों के शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक विरोध के बावजूद नरेंद्र मोदी सरकार का किसान विरोधी तीन कानूनों को वापस न लेना, खेती के साथ ही निजीकरण की मुहिम छेड़ कर सार्वजनिक क्षेत्र को कारपोरेट के हवाले कर देना, महंगाई से आम नागरिकों को बेहाल कर देना, डीजल पेट्रोल की कीमतों में लगातार की वृद्धि से उपभोक्ताओं को लूटना, प्रदेश की शिवराज सरकार द्धारा बिजली उपभोक्ताओं की लूट और बिजली संकट सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर अभियान को व्यापक रूप से चलाया जायेगा। इसके साथ ही 27 सितंबर को होने वाले बंद को पूर्ण समर्थन दिया है। समस्त दलों ने अपनी जिला इकाईयों से भी समन्वय बनाकर अभियान चलाने और 27 सितंबर के भारत बंद को सफल बनाने की अपील की है।

अशोक सिंह को मिला प्रदेश congress कोषाध्यक्ष का पदभार

पहले से जिला ग्रामीण कांग्रेस की अध्यक्षी भी संम्हाल रहे…

अशोक सिंह को मिला प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष का पदभार 

ग्वालियर। कांग्रेस के जमीनी नेता अशोक सिंह आजकल अपनी मेहनत व सक्रियता से कांग्रेस के खेवनहार बन चुके हैं। अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उन्हें प्रदेश की उपाध्यक्षी के अलावा प्रदेश कांग्रेस का कोषाध्यक्ष का भी पदभार सौंप दिया है। वह पहले से जिला ग्रामीण कांग्रेस  की अध्यक्षी भी संम्हाल रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अशोक सिंह को प्रदेश कांग्रेस का कोषाध्यक्ष भी नियुक्त कर दिया है। कांग्रेस में तीन -तीन पद भार संम्हालने वाले अशोक सिंह अकेले कांग्रेस के नेता हैं जो कमलनाथ से भी आगे निकल गये हैं। कमलनाथ अभी दो पदभार संम्हाले हैं, जिसमं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा नेता प्रतिपक्ष का पद भी है। जबकि अशोक सिंह के पास अब तीन पद हो गये हैं। 

ज्ञातव्य है कि अशोक सिंह को यह पद किसी सिफारिशी या जी हुजूरी पर नहीं मिले हैं। अपने सौम्य व्यवहार , कांग्रेस के प्रति उनकी निष्ठा व समर्पण कांग्रेस आलाकमान से सीधे संबंध के कारण ही वह इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्रियों की जोडी कमलनाथ व दिग्विय सिंह के भी चहेते रहे हैं। यह दोनों नेता इन पर अगाध विश्वास रखते हैं और अशोक सिंह कांग्रेस के अच्छे दिनों के अलावा कांग्रेस के बुरे दिनों में भी सबसे आगे मोर्चा संम्हालते हैं। आज उनको प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर उनके समर्थकों में भी हर्ष व्याप्त है। वहीं ग्वालियर के कांग्रेस भवन पर अशोक सिंह को प्रदेश का कोषाध्यक्ष बनाये जाने पर मिष्ठान का वितरण किया गया।

PM के जन्मदिवस पर जिले में चलेगा विशेष टीकाकरण महाअभियान

कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील…

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जिले में चलेगा विशेष टीकाकरण महाअभियान

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर को ग्वालियर जिले में भी कोरोना टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दिन जिले में एक लाख 11 हजार कोरोना टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है।  कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी, स्वयंसेवी संगठन, धर्मगुरू एवं समस्त जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर विशेष टीकाकरण अभियान को अंजाम देने के लिये जिले में कुल 429 टीमें बनाई गई हैं। 

इनमें से 339 टीमें टीकाकरण केन्द्रों पर तैनात रहेंगीं और 90 मोबाइल टीमें विभिन्न स्थानों पर पहुँचकर प्रथम व द्वितीय डोज के टीके लगायेंगीं। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि ग्वालियर शहर में 203 फिक्स टीम और 50 मोबाइल टीमों सहित कुल 253 टीमें टीकाकरण करेंगीं। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में 136 फिक्स टीम और 40 मोबाइल टीम सहित कुल 176 टीमें टीकाकरण के लिये तैनात की गई हैं। 

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले विशेष टीकाकरण अभियान के लिये जिले में कोरोना वैक्सीन के एक लाख 62 हजार डोज सरकार ने मुहैया कराए हैं। जिले में अब तक 12 लाख 80 हजार से ज्यादा प्रथम डोज के कोरोना टीके लगाए जा चुके हैं। साथ ही 4 लाख 28 हजार 336 लोगों को दोनों डोज के टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 2 लाख 60 हजार ऐसे लोग हैं जिनकी द्वितीय डोज की बारी आ गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने इन सभी से 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले टीकाकरण महाअभियान में अनिवार्यत: द्वितीय डोज के टीके लगाने की अपील की है। 

पिछली बार आयोजित हुए दोनों टीकाकरण महाअभियानों की तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले महाअभियान के दिन टीके लगवाने वाले लोगों को विशेष उपहार प्रदान किए जायेंगे। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि लक्की ड्रॉ निकालकर प्रथम व द्वितीय डोज के टीके लगवाने वाले 50 – 50 लोगों को आकर्षक इनाम दिए जायेंगे। जिनमें टीव्ही, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, प्रेस, पंखे व कूलर इत्यादि उपहार शामिल हैं।