G.NEWS 24 : आशिक का जनाज़ा है, जरा धूम से निकले : अमित शाह

दिग्विजय को भव्य विदाई देने का आरोप...

आशिक का जनाज़ा है, जरा धूम से निकले : अमित शाह

लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ में रैली की है। यहां उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता और राजगढ़ सीट से प्रत्याशी दिग्विजय सिंह पर बड़ा हमला किया है। गृह मंत्री शाह ने लोगों से दिग्विजय सिंह को भव्य विदाई देने की अपील की है। उन्होंने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल न होने को लेकर भी राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह पर हमला किया है। आइए जानते हैं कि गृह मंत्री अमित शाह ने और क्या-क्या कहा है। 

गृह मंत्री अमित शाह ने राजगढ़ लोकसभा सीट के खिलचीपुर में चुनाव प्रचार करते हुए राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल न होना पूरी तरह वोट-बैंक की राजनीति से प्रेरित था। शाह ने कहा कि राहुल और दिग्विजय अपने वोट बैंक से डरते हैं और इसलिए उन्हें कभी माफ नहीं किया जाना चाहिए। गृह मंत्री अमित शाह ने दिग्विजय सिंह पर कटाक्ष करते हुए लोगों से उनके राजनीतिक करियर को भव्य विदाई देने की अपील भी की। अमित शाह ने दिग्विजय सिंह पर कटाक्ष करने के लिए कहा-"आशिक का जनाज़ा है, जरा धूम से निकले।" 

अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि  दिग्विजय सिंह को राजनीति से स्थायी विदाई देने का समय आ गया है। उन्हें भारी अंतर से हराएं और घर बिठाएं। अमित शाह ने भगवा रंग को आतंकवाद से जोड़ने के लिए भी दिग्विजय सिंह की आलोचना की। उन्होंने कहा कि दिग्विजय ने आतंकवादी हाफिज सईद का जिक्र करते हुए 'साहेब' शब्द का इस्तेमाल किया, जाकिर नाइक को गले लगाया अफजल गुरु की फांसी पीएफआई पर प्रतिबंध का विरोध किया। बता दें कि राजगढ़ में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। 

G.NEWS 24 : 13 साल के बालक के साथ किया गैंगरेप !

पड़ोस के ही दो लोगों ने...

13 साल के बालक के साथ किया गैंगरेप !

शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र में एक तेरह साल के बच्चे के साथ पड़ोस के ही दो लोगों ने दुष्कर्म कर दिया। आरोपियों में से एक नाबालिग है जबकि दूसरा बालिग बताया गया है। इनके खिलाफ पॉस्को दुष्कर्म और धमकाने का मुकदमा दर्ज किया गया है ।पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पता चला है कि जनकगंज थाना क्षेत्र के निंबाजी की खोह में रहने वाले 13 साल के बच्चे के साथ बुधवार को एक सूने मकान में यह घटना अंजाम दी गई थी। 

घटना के समय बालक अपने घर के बाहर खेल रहा था तभी पड़ोसी दो लड़के उसे बातों में लगाकर एक लाल रंग के सूने मकान में ले गए जहां उसके साथ यह घटना कारित की गई है। हैरानी की बात यह है कि इन दोनों लड़कों ने इस बालक को धमकाया था कि उसने इसके बारे में किसी को शिकायत की तो वह उसे जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद लड़का दो दिन तक गुमसुम रहा। 

बाद में उसके घर वालों तक यह बात पहुंच गई ।घर वाले उसे लेकर जनकगंज थाने पहुंचे जहां दोनों आरोपियों भोलू उर्फ सोहेल खान और एक नाबालिग लड़के के खिलाफ पास्को एक्ट और बलात्कार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है । पुलिस ने तत्काल ही दोनों आरोपियों को उनके घरों से उठा लिया और उन्हें न्यायालय में शुक्रवार को पेश कर दिया। पता चला है कि दोनों ही आरोपी पीड़ित बच्चे के पड़ोसी हैं।

G.NEWS 24 : विशिष्ट आवासीय आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा 28 को

जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित...

विशिष्ट आवासीय आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा 28 को

ग्वालियर। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित विशिष्ट आवासीय विद्यालयों एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर एवं आदर्श आवासीय विद्यालय में 6वी कक्षा में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 28 अप्रैल को प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी। इस परीक्षा के लिये ग्वालियर जिले में एक, शिवपुरी में 17, गुना में 3 एवं दतिया व अशोकनगर में एक–एक परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। 

संभागीय उप आयुक्त जनजातीय कार्य पुरूषोत्तम शर्मा ने बताया कि अनुसूचित जनजाति के जिन विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लेने के लिये आवेदन किए थे, वे अपने प्रवेश पत्र विभागीय वेबसाइट पोर्टल MPTAASC Portal या किसी कियोस्क व कम्प्यूटर सेंटर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। 

प्रवेश परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की समस्या आने पर जिले के सहायक आयुक्त / जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है। विस्तृत जानकारी के लिए संभागीय उप आयुक्त / सहायक आयुक्त / जिला संयोजक / जनजातीय कार्य विभाग के कार्यालयों में संपर्क किया जा सकता है। 

G.NEWS 24 : धीरेंद्र शास्त्री के भाई ने टोल कर्मियों के साथ की मारपीट !

10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज...

धीरेंद्र शास्त्री के भाई ने टोल कर्मियों के साथ की मारपीट !

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सौरभ गर्ग उर्फ शालिग्राम ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट की है। आपको बता दें की घटना छतरपुर की है। बताया जा रहा है कि टोल मांगने पर यह विवाद हुआ था। जिसके बाद शालिग्राम ने टोल कर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शालिग्राम शास्त्री समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि सभी आरोपी अभी फरार हैं। घटना छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र की है यहां पर मंगवारी टोल प्लाजा पर गुरुवार की रात को शालिग्राम अपने साथियों के साथ किसी शादी समारोह में जा रहा था तभी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों ने उसकी गाड़ी रोकी और टोल मांगा इस बात पर उसको गुस्सा आ गया और उसने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

G.NEWS 24 : एनक्रिप्शन हटाने पर मजबूर किया तो छोड़ देंगे भारत : WhatsApp

भारत में व्हाट्सऐप के 40 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स हैं...

एनक्रिप्शन हटाने पर मजबूर किया तो छोड़ देंगे भारत : WhatsApp

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने दिल्ली हाईकोर्ट में एनक्रिप्शन हटाने से मना कर दिया है और साफ तौर से कह दिया है कि अगर उसे एनक्रिप्शन हटाने को कहा गया तो वह भारत छोड़ देगा। व्हाट्सऐप ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया है कि अगर उसे मैसेज एन्क्रिप्शन तोड़ने के लिए मजबूर किया गया तो व्हाट्सऐप भारत में प्रभावी रूप से बंद हो जाएगा। मेटा के स्वामित्व वाली कंपनी व्हाट्सऐप ने कहा कि एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन यह सुनिश्चित करके यूजर्स की प्राइवेसी की रक्षा करता है। इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि केवल सेंडर (भेजने वाला) और प्राप्तकर्ता ही अंदर के कंटेट को जान सकते हैं। दरअसल, मेटा की कंपनी व्हाट्सऐप ने IT रूल्स 2021 को चुनौती दी है। खास बात यह है कि भारत में इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप के 400 मिलियन यानी 40 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स हैं। जो इसे इस प्लेटफॉर्म के लिए सबसे बड़ा बाजार बनाता है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सऐप की ओर से कोर्ट में पेश हुए वकील तेजस करिया ने डिवीजन बेंच को बताया, ‘एक प्लेटफॉर्म के तौर पर हम कह रहे हैं कि अगर हमें एन्क्रिप्शन तोड़ने के लिए कहा जाता है, तो व्हाट्सऐप चला जाएगा। करिया ने कहा कि लोग व्हाट्सऐप के प्राइवेसी फीचर की वजह से ही इसका यूज करते हैं, जो कंपनी ने उपलब्ध कराया है। एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक कम्युनिकेशन सिस्टम है, जिसमें मैसेज भेजने वाले और मैसेज रिसीव करने वाले के अलावा कोई अन्य शामिल नहीं होता है। यहां तक कि कंपनी भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन में यूजर्स के मैसेज नहीं देख सकती है। कंपनी ने कोर्ट में कहा कि नए नियमों से यूजर की प्राइवेसी खतरे में आ सकती है। सरकार ने इसके लिए प्लेटफॉर्म के साथ कंसल्ट भी नहीं किया। 

रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सऐप के वकील करिया ने कहा, ''दुनिया में कहीं और ऐसा कोई नियम नहीं है। ब्राज़ील में भी नहीं। हमें पूरी चेन रखनी होगी और हमें नहीं पता कि कौन से मैसेज को डिक्रिप्ट करने के लिए कहा जाएगा।'' इसका मतलब है कि लाखों-करोड़ों संदेशों को कई वर्षों तक संग्रहीत करना होगा। व्हाट्सऐप ने तर्क दिया है कि यह नियम एन्क्रिप्शन के साथ-साथ यूजर्स की गोपनीयता भी कमजोर करते हैं। यह भारत के संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 के तहत गारंटीकृत उपयोगकर्ताओं के मौलिक अधिकारों का भी उल्लंघन करता है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से पेश कीर्तिमान सिंह ने नियमों का बचाव करते हुए संदेश भेजने वालों का पता लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कीर्तिमान सिंह ने तर्क दिया कि आज के माहौल में ऐसी व्यवस्था जरूरी है। 

इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने व्हाट्सएप और मेटा की याचिकाओं को 14 अगस्त को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया। पीठ ने कहा कि गोपनीयता के अधिकार पूर्ण नहीं हैं और कहीं न कहीं संतुलन बनाना होगा। मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने पिछले साल मेटा के वार्षिक कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा था, ''भारत एक ऐसा देश है, जो सबसे आगे है… आप इस मामले में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं कि कैसे लोगों और व्यवसायों ने मैसेजिंग को अपनाया है।'' बता दें कि व्हाट्सऐप और फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें उन्हें चैट का पता लगाने और संदेश भेजने वालों की पहचान करने को कहा गया है। व्हाट्सऐप ने अपनी दलील में कहा है कि यह कानून एन्क्रिप्शन को कमजोर करता है और भारतीय संविधान के तहत यूजर्स की प्राइवेसी यानी निजता की सुरक्षा का उल्लंघन करता है।

G.NEWS 24 : LNIPE के कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत !

जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस...

LNIPE के कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत !

शहर के पडा़व थाना क्षेत्र के रेसकोर्स रोड पर तेज रफ्तार बुलेट ने एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे टकराकर साइकिल सवार श्रवण कुमार बाथम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बुलेट का सवार भी बुरी तरह से जख्मी हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। 

मृतक कांच मिल क्षेत्र में रहता था और देश के प्रतिष्ठित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण विश्वविद्यालय में काम करता था। वह ड्यूटी खत्म करके अपने घर जा रहा था। तभी रेसकोर्स रोड पर पेट्रोल पंप के सामने विपरित दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने फिलहाल मर्ग कर लिया है। उधर बुलेट के सवार की हालत भी गंभीर बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय लक्ष्मी बाई शारीरिक शिक्षक विश्वविद्यालय के कर्मचारी और छात्र भी मौके पर पहुंच गए थे।

G.NEWS 24 : जहां भी गंदे पानी की समस्या मिले उसे तत्काल ठीक कर साफ पानी उपलब्ध कराया जाए : निगमायुक्त

पानी की समस्या को हल करने किया निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश...

जहां भी गंदे पानी की समस्या मिले उसे तत्काल ठीक कर साफ पानी उपलब्ध कराया जाए : निगमायुक्त

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने शहर की सफाई व्यवस्था जांचने के लिए कंट्रोल कमांड सेंटर से सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गोपाचल पर्वत, गैंडेवाली सड़क, अमेठी यूनिवर्सिटी और दीनदयाल नगर क्षेत्र में भी विभिन्न समस्याओं को लेकर निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने कंट्रोल कमांड सेंटर से शहर में कचरा कलेक्शन कर रहे सभी वाहनों की मॉनिटरिंग की। इस दौरान उन्हें कुछ गाड़ियां अपने पॉइंट पर खड़ी दिखी तो उन्होंने तत्काल ड्राइवर से बात कर खड़े होने का कारण पूछा। 

साथ ही तेज गति से सफाई करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए। इसके बाद उन्होंने गोपाचल पर्वत पर रात में लगी आग वाली जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अधीक्षण यंत्री डॉ. अतिवल सिंह यादव, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज शर्मा और डॉ. वैभव श्रीवास्तव मौजूद थे। इसके बाद पानी की समस्या को लेकर निगमायुक्त श्री सिंह ने गेंडेवाली सड़क का निरीक्षण किया।  वहां पर उन्होंने पानी की समस्या को लेकर आम जनों से चर्चा की। 

इस दौरान उन्होंने सहायक यंत्री राम सेवक शाक्य, लल्लन सेंगर, सब इंजीनियर विष्णु पाल, जगदीश सेन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पानी लीकेज की समस्याओं को तत्काल दूर किया जाए। जहां भी गंदे पानी की समस्या मिले उसे तत्काल ठीक कर लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने अमेठी पहाड़ी पर बनी पानी की टंकी का निरीक्षण किया। 

अमेठी पहाड़ी पर आदित्यपुरम महाराजपुरा इत्यादि क्षेत्रों में सप्लाई करने के लिए 6 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी का निर्माण किया गया है। वहां पर पानी की टंकी से सप्लाई को लेकर उन्होंने उपायुक्त एपीएस चौहान को दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने दीनदयाल नगर में पार्कों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य अधिकारियों को उनमें पर्याप्त सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद तत्काल वहां पर सफाई कर दी गई।