भारत की राष्ट्रीयता

सभी कर्मचारियों व आम नागरिकों के लिए जानकारी…

भारत की राष्ट्रीयता 

भारत का राष्ट्रीय ध्वज - तिरंगा

भारत का राष्ट्रीय गान - जन-गन-मन

भारत का राष्ट्रीय गीत - वन्दे मातरम्

भारत का राष्ट्रीय चिन्ह - अशोक स्तम्भ

भारत का राष्ट्रीय पंचांग - शक संवत

भारत का राष्ट्रीय वाक्य - सत्यमेव जयते

भारत की राष्ट्रीयता - भारतीयता

भारत की राष्ट्र भाषा - हिंदी

भारत की राष्ट्रीय लिपि - देव नागरी

भारत का राष्ट्रीय ध्वज गीत - हिंद देश का प्यारा झंडा

भारत का राष्ट्रीय नारा - श्रमेव जयते

भारत की राष्ट्रीय विदेशनीति - गुट निरपेक्ष

भारत का राष्ट्रीय पुरस्कार - भारत रत्न

भारत का राष्ट्रीय सूचना पत्र - श्वेत पत्र

भारत का राष्ट्रीय वृक्ष - बरगद

भारत की राष्ट्रीय मुद्रा - रूपया

भारत की राष्ट्रीय नदी - गंगा

भारत का राष्ट्रीय पक्षी - मोर

भारत का राष्ट्रीय पशु - बाघ

भारत का राष्ट्रीय फूल - कमल

भारत का राष्ट्रीय फल - आम

भारत की राष्ट्रीय योजना - पञ्च वर्षीय योजना

भारत का राष्ट्रीय खेल - हॉकी

भारत की राष्ट्रीय मिठाई - जलेबी

भारत के राष्ट्रीय पर्व - गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस

हर घर तिरंगा लहराए

ऐसे सजा दो पूरे हिंदुस्तान को…

हर घर तिरंगा लहराए


ऐसे सजा दो पूरे हिंदुस्तान को,

गौरवान्वित जिससे मिट्टी हमारी

भारत के इस स्वाभिमान को।।


यह अभियान नहीं है कोई,

यह स्वाभिमान की बात है

बच्चा बच्चा जानेगा अब 

भारत भूमि के सम्मान को ।।


इस आजादी की खातिर 

कितनों ने जान लुटाई है।

तब जाकर सम्मानजनक,

तिरंगे की एक निशानी पाई है।।


यदि मातृभूमि हमारी माता है

तो तिरंगे से पहचान हमारी है

राष्ट्रहित में कार्य करे हम सब ,

अबकी हमारी बारी है ।।


यूंही नहीं निर्मित हुआ तिरंगा

यह भारत राष्ट्र को दर्शाता है 

स्वतंत्रता का पैगाम लिए , 

यह स्वतंत्र ही लहराता है ।।


आओ शपथ ले हम सब मिलकर

जन जन तक यह पहुंचाना है

जो है भारत से प्यार तुम्हे तो 

घर-घर तिरंगा फहराया जाना है।।


प्रतिभा दुबे

(स्वतंत्र लेखिका)

600 कमरों वाला Hisorical Motimahal बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा Heritage Hotel

विश्व प्रसिद्ध होटल बनाने की प्रक्रिया शुरू…

600 कमरों वाला ऐतिहासिक मोतीमहल बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा हेरिटेज होटल

ग्वालियर। लगभग 600 छोटे-बड़े कमरे व गैलरी वाले मोतीमहल को ग्लोबल टेंडर के जरिए एक उच्च स्तरीय होटल के लिए लीज पर दिया जाएगा। मोतीमहल को जयपुर के रामबाग, जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस, आगरा के ओबेरॉय अमरविलास तथा हैदराबाद के ताज फलकनुमा जैसा विश्व प्रसिद्ध होटल बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्वालियर से 125 किलोमीटर दूर आगरा में हर साल लगभग 60 लाख पर्यटक आते हैं। ग्वालियर में किला, तानसेन मकबरा, म्यूजियम सहित कई ऐतिहासिक व दर्शनीय स्थल हैं। पर्यटन विभाग आगरा तक आने वाले पर्यटकों को ग्वालियर के लिए आकर्षित करने में मोतीमहल हेरिटेज होटल को बड़ी सुविधा के तौर पर पेश करेगा।

  • 05 लाख वर्गफीट से अधिक जगह पर बना है ऐतिहासिक मोतीमहल। 
  • 42 रागमाला भित्ति चित्र वाली पेंटिंग लगी है, जिसमें तानसेन के दो राग। 
  • 25 किलो सोने की नक्काशी, सोने की पॉलिश वाला दरबार हॉल। 
  • 1956 में मध्यभारत प्रांत के समय यहां तत्कालीन विधानसभा लगती थी। 

5 लाख वर्गफीट से अधिक जगह में बने मोतीमहल में देश की अंतिम 42 रागमाला भित्ति चित्र वाली पेंटिंग है। दरबार हाॅल, झूमर व बैजाताल इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। सोने की पॉलिश इसे और भव्य बना देती है। भवन निर्माण में ग्रंथों में शुक्राचार्य द्वारा उल्लेखित तथ्यों के आधार पर इसका निर्माण हुआ है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर जंग बहादुर सिंह कुशवाह के अनुसार रिकॉर्ड में 600 कमरे दर्ज हैं। मोतीमहल में नीचे एक विशाल तलघर और कई कमरे व हॉल बंद हैं।

  • मोतीमहल को फाइव स्टार होटल बनाया जाएगा। हम जोधपुर के उम्मेद भवन और जयपुर के रामबाग पैलेस सहित देश के टॉप 10 फाइव स्टार होटल की तरह इसे बनाएंगे। इसके लिए हमने टेंडर की तैयारी कर ली है। ग्वालियर ऐतिहासिक शहर है,यहां रेल तथा हवाई मार्ग की बेहतर कनेक्टिविटी है। कूनो में अफ्रीकी चीते आने से ये क्षेत्र टूरिस्ट सर्किट के तौर पर विकसित होगावशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव, पर्यटन विभाग, मप्र
  • ग्वालियर के दर्शनीय स्थलों को दिन में देखकर रात्रि विश्राम के लिए दिल्ली या आगरा जाने वाले पर्यटकों को हेरिटेज होटल से बेहतर सुविधा मिलेगी। ताजमहल देख कर लौटने वाले पर्यटक, कूनो सेंक्चुरी भी वाया ग्वालियर ही जाएंगे। ऐसे में मोतीमहल का फाइव स्टार होटल पर्यटकों के लिए एक बड़ी सुविधा होगी - नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री भारत सरकार

"हर घर तिरंगा" अभियान में उत्साह और उल्लास के साथ भाग लें पंचायत प्रतिनिधि : CM शिवराज

राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र-भक्ति के महाआयोजन को सफल बनाने में कोई कसर न छोड़ें…

"हर घर तिरंगा" अभियान में उत्साह और उल्लास के साथ भाग लें : CM शिवराज

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए अपने दायित्व का निर्वहन जन-अपेक्षाओं के अनुरूप करने के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास और लोगों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ें, राज्य सरकार पंचायत प्रतिनिधियों के साथ है। मुख्यमंत्री चौहान ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को आजादी के अमृत महोत्सव में उत्साहपूर्वक सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। देश ने संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान से आजादी पायी है। इस काल को उत्सव के रूप में मनाना प्रत्येक प्रदेशवासी का कर्त्तव्य है। हम सब "हर घर तिरंगा" अभियान से जुड़ कर आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनाएँ। 

मुख्यमंत्री चौहान पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से निवास कार्यालय से संबोधित कर रहे थे। अपर मुख्या सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। प्रदेश की सभी पंचायतों ने कार्यक्रम में वर्चुअली सहभागिता की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता उत्पन्न कर देश-भक्ति की भावना जागृत करने का अभियान है। पूरे देश में 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा। हम सब 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक स्थलों पर तिरंगा अवश्य फहराएँ। यह भारत माता के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और समर्पण का प्रकटीकरण है। यह आवश्यक है कि हम राष्ट्रीय ध्वज स्वयं क्रय कर लगाएँ। 

प्रदेश में महिलाओं के स्व-सहायता समूह और सहकारी समितियाँ राष्ट्रीय ध्वज निर्माण में लगी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने भारत सरकार द्वारा दिन के साथ रात में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार माना मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने सम्पूर्ण प्रदेश में व्यापक स्तर पर वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ जारी हैं। गाँव और नगरों में तिरंगा रैलियों, प्रभात फेरी और भजन मंडलियों द्वारा जन-जन को "हर घर तिरंगा" अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, धर्मगुरूओं, समाजसेवियों, समाजसेवी संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं तथा खेल एवं अन्य गतिविधियों से संबंधित संगठन देश प्रेम के इस कार्य में समर्पण और सक्रियता से भाग लें। मुख्यमंत्री चौहान ने मंडला में मानव श्रंखला द्वारा भारत का नक्शा और रायसेन में 75 वर्ष के अंक के आकार की मानव श्रंखला बनाकर ड्रोन फोटोग्राफी कराने के नवाचार की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर में सभी धर्मों के धर्मगुरूओं द्वारा एक साथ तिरंगा फहराकर आकर्षक वीडियो तैयार करने की भी प्रशंसा की गई। 

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान से वृक्षा-रोपण गतिविधियों को भी जोड़ा जाए। साथ ही महापुरूषों के स्मारकों की साफ-सफाई जैसी गतिविधियों को भी अभियान में सम्मिलित कर उनका स्मरण और उनके प्रति सम्मान प्रकट किया जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बताया कि वे स्वयं भोपाल में स्व-सहायता समूह की बहनों से तिरंगा लेने गए थे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को भी अपने आसपास के स्व-सहायता समूह की बहनों से राष्ट्र ध्वज क्रय करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुझे विश्वास है कि प्रदेशवासी राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र-भक्ति के महाआयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रदेश के हर घर और हर प्रतिष्ठान में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा अवश्य लहराएगा।मुख्यमंत्री चौहान ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा में समरस पंचायतों के गठन को प्रदेश की अभूतपूर्व उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रेम और सद्भाव से ही विकास की गौरव गाथा लिखी जा सकती हैं। 

पंचायतें अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को संबंधित योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें। आवास, राशन, कौशल उन्नयन और स्व-सहायता समूह सहित रोजगार के लिए संचालित योजनाओं, लाड़ली लक्ष्मी, मातृ वंदना योजना आदि में शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार की 300 से अधिक योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी पंचायत प्रतिनिधियों पर है। उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। निष्पक्ष हितग्राही चयन और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य हम सबकी जिम्मेदारी है। राज्य सरकार, जन-प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी एक इकाई के रूप में परस्पर समन्वय से इस प्रकार कार्य करें, जिससे मध्यप्रदेश को एक आदर्श के रूप में पूरे देश के सम्मुख प्रस्तुत किया जा सके। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक गाँव अपना गौरव दिवस तय करें। 

अपने गाँव के विकास और ग्रामवासियों के कल्याण को हम अपना कर्त्तव्य समझें। गाँव में स्वच्छता, शौचालयों के सही उपयोग, कुपोषण से मुक्ति, आँगनवाड़ी और शालाओं के संचालन में जन-भागीदारी, बिजली की बचत, नशामुक्ति, बेटियों के सम्मान के लिए सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ सभी लोग कार्य करें। यह अभियान समाज को सही दिशा में ले जाने का अभियान भी है। प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रदेश में सभी राशन दुकानों, आँगनवाड़ियों, पंचायतों में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध हैं। प्रदेश की महिला स्व-सहायता समूहों तथा सहकारी संस्थाओं द्वारा 75 लाख ध्वजों का निर्माण किया गया है। भारत सरकार की संस्थाओं से भी ध्वज प्राप्त हुए हैं। सभी जिलों में हर घर तिरंगा के लिए वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ जारी हैं।

ग्वालियर नगर निगम परिषद के सभापति बने मनोज तोमर

मेयर चुनाव हारी भाजपा अंतत: सभापति पद जीतकर अपनी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब…

ग्वालियर नगर निगम परिषद के सभापति बने मनोज तोमर

ग्वालियर। मेयर चुनाव हारी भाजपा ग्वालियर नगर निगम परिषद में अंतत: सभापति पद जीतकर अपनी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब रही। भाजपा के मनोज तोमर ने आज नव निर्वाचित निगम परिषद के पहले सम्मेलन में हुई सभापति की वोटिंग मेंं ३४ मत हासिल किये, जबकि कांग्रेस की सभापति पद की प्रत्याशी लक्ष्मी सुरेश गुर्जर को महापौर का मत सहित ३३ वोट मिले। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की पीठ में संपन्न हुये इस चुनावी परिषद सम्मेलन को लेकर काफी गहमा गहमी रही। गुरुवार सुबह नगर निगम परिषद का पहला सम्मेलन वंदेमातरम गान के साथ शुरू हुआ। इस दौरान पार्षदों और महापौर को छोडकर किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया गया। 

हालांकि जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा के प्रभारी जीतू जिराती, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, जयसिंह कुशवाह, जिला महामंत्री हरीश मेवाफरोश, विनोद शर्मा, उदय अग्रवाल, राजू सेंगर, कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह, प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, परिषद से बाहर अपने:अपने समर्थकों के साथ उपस्थित थे। निर्वाचन प्रक्रिया की शुरूआत पर कलेक्टर व पीठासीन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पढकर सुनाई। इसके बाद भाजपा ने दो बार के पार्षद रहे मनोज तोमर को अपना प्रत्याशी घोषित किया तो कांग्रेस ने महिला प्रत्याशी लक्ष्मी सुरेश गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया। 

इसके बाद परिष्द कक्ष में मतदान की प्रक्रिया शुरू कराई गई। मतदान उपरांत मतों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी मनोज तोमर को ३४ वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी सुरेश गुर्जर ने भाजपा के दावे के निर्धारित ३ वोटों में सेंघ लगाकर ३३ मत हासिल किये। वह मात्र एक वोट से चूक गई। बाद में पीठासीन अधिकारी ने मनोज तोमर के निर्वाचन की घोषणा की। इस मौके पर संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना , निगमायुक्त किशोर कान्याल सहित अन्य अधिरी भी उपस्थित रहे। जबकि मेयर डॉ. शोभा सिकरवार कांग्रेस पार्षद दल के साथ विराजमान रहीं। उन्होंने निर्वाचन के उपरांत निर्वाचित निगम सभापति मनोज तोमर को शुभकामनाएं भी दी। 

निगम सभापति पद पर मनोज तोमर की जीत के उपरांत बधाईयों का तांता लग गया। परिषद के बाहर उपस्थित भाजपाईयों ने नारेबाजी कर मिष्ठान वितरण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि सभी भाजपा पार्षदों ने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी रणनीति में सफल रही। नगर निगम परिषद के लिये सभापति की निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों सहित अन्य पार्षदों की सहमति से अपील समिति का निर्विरोध चयन संपन्न हुआ। अपील समिति में प्रमोद खरे, पीपी शर्मा, संजीव पोतनीस, देवेन्द्र सिंह राठौर पाष्ज्र्ञद निर्विरोध निर्वाचित हुए। बाद में सभी पार्षदों महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार, सभापति मनोज तोमर ने सभी निर्वाचित अपील समिति सदस्यों को बधाई दी।

आज विशाल Tiranga के साथ स्कूली बच्चे निकालेंगे तिरंगा यात्रा

भारतवासियों के लिए बड़े ही गर्व का विषय है आजादी का अमृत महोत्सव…

आज विशाल तिरंगे के साथ स्कूली बच्चे निकालेंगे तिरंगा यात्रा

ग्वालियर। शहर के एबनेजर स्कूल के बच्चों द्वारा 6 अगस्त को विशाल तिंरगा लेकर यात्रा निकाली जाएगी। यह तिरंगा यात्रा प्रात: 9 बजे महाराज बाड़ा से शुरू होकर सराफा, गस्त का ताजिया, राम मंदिर, छप्पर बाला पुल, शिंदे की छावनी व दीनदयाल मॉल के सामने से होते हुए फूलबाग मैदान पर पहुँचेगी और यहीं पर इस यात्रा का समापन होगा। अपर कलेक्टर इच्छित गढ़पाले ने कहा है कि हम सब भारतवासियों के लिए बड़े ही गर्व का विषय है कि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। 

इस शुभ अवसर पर आप सभी शहरवासियों से जिला प्रशासन की अपील है कि तिरंगा यात्रा में बच्चो के उत्साहवर्धन के लिए आगे आयें। जहाँ से भी बच्चों की तिरंगा यात्रा निकले उसका तालियों और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत करें। साथ ही 13 से 15 अगस्त तक घर घर तिरंगा लगा कर जिले के सभी नागरिक  हर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

16 अगस्त तक अनिवार्यत: देना होगा चुनाव खर्च का लेखा-जोखा

नगरीय निकायों में चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को…

16 अगस्त तक अनिवार्यत: देना होगा चुनाव खर्च का लेखा-जोखा 

ग्वालियर। हाल ही में सम्पन्न हुए नगरीय निकायों के निर्वाचन में महापौर व पार्षद का चुनाव लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को 16 अगस्त तक अनिवार्यत: अपने चुनावी खर्च का व्यय लेखा प्रस्तुत करना होगा। साथ ही व्यय संबंधी पुस्तक भी जमा करनी होगी। 

व्यय लेखा प्रस्तुत न करने वाले अभ्यर्थी आगे का चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। संयुक्त संचालक कोष - लेखा व नोडल अधिकारी योगेन्द्र कुमार सक्सेना ने बताया कि अभ्यर्थी अपना व्यय लेखा 16 अगस्त तक कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष क्र.-205 में व्यय रजिस्टर सहित जमा कर सकते हैं।